कांग्रेस सरकार ने आदिवासियों को जल, जंगल, जमीन का अधिकार दिया : प्रियंका गांधी

महाराष्ट्र(मुंबई),रविवार 12 मई 2024

अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी ने शनिवार को नंदूरबार में कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिराजी गांधी ने आदिवासी समुदाय को जल, जंगल और जमीन का अधिकार दिया है। कांग्रेस सरकार आदिवासियों के लिए पेसा एक्ट लेकर आई तो राजीव गांधी ने पंचायत राज एक्ट लाकर इस वर्ग को सत्ता दी लेकिन भाजपा की विचारधारा इसके उलट है। आदिवासियों की जमीन उद्योगपतियों को दी जा रही है।

प्रियंका गांधी शनिवार को नंदूरबार में कांग्रेस उम्मीदवार एड. गोवाल पाडवी के समर्थन में आयोजित चुनाव प्रचार सभा को संबोधित कर रहीं थीं। प्रियंका गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र में 02 लाख आदिवासियों को पट्टा नहीं दिया गया, जबकि देशभर में 22 लाख आदिवासियों को पट्टा नहीं दिया गया है। क्या यहीं आदिवासियों का भाजपा की ओर से सम्मान है। प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि पीएम मोदी कहते हैं कि वे शबरी का सम्मान करते हैं। शबरी का सम्मान करने वाले श्री राम कहां हैं लेकिन नरेन्द्र मोदी कहां हैं जो सैकड़ों शबरियों का अपमान होते हुए भी चुप हैं। हाथरस, उन्नाव में महिलाओं पर अत्याचार हुआ फिर भी मोदी चुप रहे। जब मणिपुर में महिलाओं पर अत्याचार हो रहा था, महिला खिलाड़ी न्याय मांग रही थीं तब मोदी कहां थे? कहां भगवान श्री राम और सबरीमाता और कहां नरेंद्र मोदी। जब उन्नाव की उनकी बहन और इस देश की कई महिलाओं पर अत्याचार हो रहा था, तब मोदी ने उनकी मदद नहीं की, इस ओर देखा तक नहीं। महिलाओं पर अत्याचार करने वालों के बच्चों को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि हमें बताएं कि नरेन्द्र मोदी ने 10 साल में लोगों के लिए क्या किया है, किसान संकट में हैं, खेती करना मुश्किल हो गया है। आइए बात करते हैं आदिवासियों, गरीबों की पीड़ा के बारे में। मोदी विदेश से काला धन लाने वाले थे क्या लाए? और कहा था कि वह हर किसी को 15 लाख देंगे, क्या उन्होंने सभी को दिए। प्रियंका गांधी ने कहा कि वह हर साल 02 करोड़ नौकरियां देने का वादा किए थे, क्या उन्होंने ऐसा किया। मोदी की राजनीति सिर्फ सत्ता के लिए है, जनसेवा के लिए नहीं, इसलिए मतदाताओं को लोकसभा चुनाव में सोच समझकर वोट करने की अपील प्रियंका गांधी ने की है।

इस अवसर पर महाराष्ट्र कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्निथला, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष पूर्व मंत्री नसीम खान, पूर्व मंत्री केसी पाडवी, शिरीष नाइक, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन नाना गावंडे आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!