मुख्यमंत्री धामी ने पंजाब के लुधियाना में प्रबुद्धजन एवं व्यापारियों के साथ किया संवाद

पंजाब(लुधियाना),रविवार 26 मई 2024

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को लुधियाना में प्रबुद्धजन एवं व्यापारियों के साथ संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि केंद्र में 10 साल भाजपा की सरकार का कार्यकाल भारत को आगे बढ़ने का कालखंड रहा है। हर भारतीय का पूरे विश्व में मान-सम्मान और स्वाभिमान बढ़ा है। विदेश में रहने वाले भारतीय भी आज स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। आज विश्व में भारत की बात को गंभीरता से सुना जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी 01 जून को लोकतंत्र के महायज्ञ में भाग लेने वाले हैं। उद्योग जगत, व्यापारियों ने भी मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का मन बना लिया है। बीते 10 सालों में प्रधानमंत्री मोदी ने हर पल हर क्षण देशवासियों को समर्पित किया है। उनके संकल्प एवं नेतृत्व के अनुसार एनडीए गठबंधन 140 करोड़ देशवासियों के लिए काम करता है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज देश में छोटे से छोटा व्यापारी भी डिजिटल पेमेंट करता है। पहले विपक्ष डिजिटल ट्रांजेक्शन को लेकर भ्रम में डालता था, पर आज भारत दुनिया का सबसे ज्यादा डिजिटल ट्रांजेक्शन करने वाला देश बन गया है। कोरोना काल के बाद भी भारत की अर्थव्यवस्था विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है। देश और पंजाब में बुनियादी ढांचों का ऐतिहासिक निर्माण हुआ है। देश में नए एम्स, आईआईटी, आईआईएम, हवाई अड्डों का तेजी से निर्माण हो रहा है।

धामी ने कहा कि जब कांग्रेस पार्टी के लोग वोट मांगने आएं, तो तब उनसे पूछना चाहिए कि 1984 के दंगों का दोषी कौन था..? उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में करतारपुर साहिब कॉरिडोर का निर्माण करवाया गया है। पवित्र गुरु ग्रंथ साहिब की तीन पवित्र प्रतियां पूरे सम्मान के साथ अफगानिस्तान से भारत लाई गई। गुरु गोविंद सिंह जी के चारों साहिबजादाें के नाम पर वीर बाल दिवस मनाया जा रहा है। उनका इतिहास भारत और दुनिया के सामने लाया गया है। आज पंजाब में ड्रग्स माफिया हावी हैं, पंजाब सरकार के बड़े-बड़े विज्ञापन अख़बार में छपते हैं, पर धरातल में कोई काम नहीं हो रहा है।

सीएम धामी ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी, कांग्रेस पार्टी और अकाली दल ने भ्रष्टाचार के सिवा कोई काम नहीं किया। पंजाब सरकार का प्लेन दिल्ली के मुख्यमंत्री के लिए जाता है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी मिलकर देशवासियों को ठगने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा और दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं और पंजाब में ये लोग आपस में लड़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!