उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच अवशेष आस्तियों-दायित्वों के समाधान के लिए जल्द होगी मुख्यमंत्रियों की बैठक

उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 03 जुलाई 2025

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जल्द ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बैठक करेंगे ताकि दोनों राज्यों के बीच अवशेष आस्तियों और दायित्वों के लंबित मामलों का समाधान किया जा सके।

बुधवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड राज्य के मध्य अवशेष आस्तियों एवं दायित्वों के मामलों की समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिन मामलों में दोनों राज्यों के बीच पिछली बैठक में सहमति बनी थी, उनमें से जिन मामलों में कार्यवाही गतिमान है, उत्तर प्रदेश के अधिकारियों के साथ बैठक कर उनका जल्द समाधान किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों की पिछली बैठक के बाद जिला उधमसिंहनगर एवं हरिद्वार में स्थित जलाशयों /नहरों में वाटर स्पोर्टस की अनुमति दी जा चुकी है। सिंचाई विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से विद्युत बिलों के रूप में 57.87 करोड़ रूपये का भुगतान किया जा चुका है।

उत्तर प्रदेश मत्स्य निगम की ओर से उत्तराखंड मत्स्य पालन विकास अभिकरण को 3.98 करोड़ रूपये का भुगतान किया जा चुका है। वन विकास निगम उत्तराखंड को दी जाने वाली देयताओं का आंशिक भुगतान किया गया है। परिवहन निगम की अवशेष राशि का भुगतान किया जा चुका है। आवास विभाग के अन्तर्गत आवास विकास परिषद की परिसम्पत्तियों के निस्तारण का निर्णय हुआ है।

बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन प्रमुख सचिव आर. के सुधांशु, आर मीनाक्षी सुंदरम, सचिव डॉ. नीरज खेरवाल एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!