मुख्यमंत्री धामी बोले- विकासोन्मुखी नीतियों पर एक बार फिर मुहर लगाएगी हरियाणा की जनता

उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 03 अक्टूबर 2024

हरियाणा में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पिछले 10 वर्ष में डबल इंजन की सरकार ने हरियाणा को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में हरियाणा की भाजपा सरकार ने राज्य को सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से समृद्ध किया है।

जनसभा में मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि विकास के हर क्षेत्र में हरियाणा ने कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों पर एक बार फिर मुहर लगाएगी और राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए भाजपा को भारी समर्थन देगी।

हरियाणा में भी छाया धामी का बुलडोजर मॉडल

हरियाणा में चल रहे विधानसभा चुनाव के प्रचार-प्रसार के अंतिम दिन गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बल्लभगढ़ से भाजपा उम्मीदवार मूलचंद शर्मा के समर्थन में रोड शो किया। रोड शो में भाजपा के स्टार प्रचारक मुख्यमंत्री धामी की जबरदस्त लोकप्रियता दिखी। हरियाणा में भी धामी का बुलडोजर मॉडल छाया और कार्यकर्ताओं ने धामी को अनोखे अंदाज में क्रेन के माध्यम से फूलों की माला पहनाकर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने आत्मीय स्वागत और उत्साहपूर्ण समर्थन के लिए बल्लभगढ़ की जनता का आभार जताया।

मुख्यमंत्री धामी ने बल्लभगढ़ से भाजपा उम्मीदवार मूलचंद शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि चुनाव जीतने के बाद डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में सड़क, परिवहन और युवाओं के कौशल विकास के क्षेत्र में नई योजनाओं की शुरुआत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!