बदरी-केदार धाम में बही योग की गंगा, सैन्य जवान व तीर्थ पुरोहित दिखे योग मुद्रा में

उत्तराखंड(चमोली),शुक्रवार 21 जून 2024

उत्तराखंड के चमोली जिले अंतर्गत देश के प्रथम गांव माणा, भू-बैकुंठ बद्रीनाथ धाम और जनपद रुद्रप्रयाग स्थित भगवान शिव के ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम में बुधवार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर देश, विदेश के हजारों श्रद्धालुओं ने योगाभ्यास किया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर वाइब्रेंट विलेज एवं देश के प्रथम गांव माणा में योग गुरु नरेंद्र बडवाल के निर्देशन में लोगों ने योगाभ्यास किया। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी हुकुम सिंह पंखोली ने बताया कि वाईब्रेंट विलेज माणा में योग दिवस पर स्थानीय लोगों सहित देश, विदेश के सैलानियों ने उत्साह के साथ योग कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। बद्रीनाथ मंदिर प्रांगण में जिला प्रशासन द्वारा योग शिविर लगाया गया।

अपर जिलाधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने दीप प्रज्जवलित कर योग शिविर का शुभारंभ किया। बद्रीनाथ में योग आचार्य रघुवीर सिंह बर्त्वाल के मार्ग निर्देशन में योगाभ्यास किया। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी एवं जनपद चमोली में योग कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. सुनील रतूडी ने बताया कि योग शिविर में देश, विदेश के 50 से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया और योग आचार्य से योग के गुर सीखे।

योगाभ्यास में बीकेटीसी के उपाध्यक्ष किशोर पंवार, एडीएम डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, मंदिर समिति प्रभारी अनिल ध्यानी, सहायक अभियंता गिरीश देवली, मंदिर अधिकारी राजेन्द्र चौहान, डॉ. हरीश गौड़, डॉ. टीएस रावत सहित आयुष विभाग, पुलिस, एसडीआरएफ, होमगार्ड, नगर पंचायत, तीर्थ पुरोहित सहित देश विदेश के तीर्थयात्रियों ने योगाभ्यास किया। दूसरी ओर, भगवान शिव के ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम में भी विभिन्न देशों से आए श्रद्धालुओं ने भी योगाभ्यास किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!