जनता की कमाई घुसपैठियों में बांटना चाहती कांग्रेस – अनुराग ठाकुर

नई दिल्ली,रविवार 28 अप्रैल 2024

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्टार प्रचारक अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की मंशा जनता पर वसूली और विरासत टैक्स लगाने की है जबकि भाजपा भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। कांग्रेस जनता के मेहनत की कमाई को घुसपैठियों में बांटना चाहती है। आज देश के सामने एक ओर कांग्रेस है जिनकी सारी गारंटी फेल हैं और दूसरी ओर मोदी हैं जिनकी सभी गारंटी के पूरे होने की गारंटी है। कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड गबन, वसूली और भ्रष्टाचार का है जबकि भाजपा का ट्रैक रिकॉर्ड सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का है।

शनिवार को हमीरपुर में मीडिया से बातचीत में अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में ‘कांग्रेस का हाथ विदेशी ताकतों’ के साथ नजर आता है। यह लोग भारत को टुकड़ों में बांटना चाहते हैं। इनमें से कोई कहता है की नॉर्थ और साउथ को अलग कर दो तो कोई कहता है कि सनातन को कुचल देंगे। स्व. इंदिरा गांधी की सरकार तक देश में कानून के अनुसार इंदिरा जी की मृत्यु के बाद उनकी संपत्ति देश के खजाने में जानी थी लेकिन जब राजीव गांधी आए तो उन्होंने इस कानून को बदल दिया ताकि इंदिरा गांधी की संपत्ति वे अपने नाम कर सकें। आज कांग्रेसी नेता बोल रहे कि आम नागरिक के बच्चों की संपत्ति लेकर अपने वोट बैंक और घुसपैठियों को दे देंगे। लेकिन हम कांग्रेस के इन नापाक मंसूबों को कभी पूरा नहीं होने देंगे।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस द्वारा की जा रही वोट बैंक पॉलिटिक्स के सख्त खिलाफ है। पिछले 10 वर्षों में अगर 25 करोड़ भारतीय गरीबी रेखा से बाहर आए हैं तो उसमें हिंदू भी हैं और मुसलमान भी हैं। अगर 4 करोड़ पक्के आवास, 13 करोड़ नल से जल, 12 करोड़ शौचालय, 11 करोड़ रसोई गैस सिलेंडर, 60 करोड लोगों को मुफ्त इलाज और 81 करोड लोगों को मुफ्त अनाज मिला है तो उसमें कोई भेदभाव नहीं हुआ है। सभी को जनसंख्या के अनुपात से समान रूप से लाभ मिला है।

अनुराग ठाकुर ने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि ममता बनर्जी की सरकार मां, माटी और मानुष की नहीं बल्कि बम, बारूद और हिंसा की सरकार बन चुकी है। कर्नाटक में बम धमाके करने वाले आतंकियों को संरक्षण पश्चिम बंगाल में मिलता है। आज ममता दीदी की सरकार में पश्चिम बंगाल भ्रष्टाचार, अलगाववाद और आतंकवाद का गढ़ बन चुका है। बंगाल में महिलाओं के खिलाफ सरेआम अत्याचार होते हैं और वहां की सरकार कुछ नहीं करती। वहां ऐसा लगता है मानो कानून व्यवस्था है ही नहीं। वहां की मुख्यमंत्री खड़ी होती हैं तो सिर्फ भ्रष्ट नेताओं, अधिकारियों और आतंकवादियों को बचाने के लिए।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की बुरी नजर अब आपकी संपत्ति पर है। कांग्रेस आपकी मृत्यु के बाद आपकी संपत्ति आपके संतानों को न देकर अपने वोट बैंक को देना चाहती है। इसीलिए ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!