मुख्यमंत्री ने किया 12 नवनिर्मित दुकानों का उद्घाटन

उत्तराखंड(नैनीताल),शुक्रवार 06 जून 2025

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने दो दिवसीय जनपद प्रवास के प्रथम दिन नैनीताल में मानसखंड मंदिर माला योजना सहित अन्य विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और डीएसए मैदान में आयोजित समारोह में कई घोषणाएं कीं। उन्होंने मानसरोवर मंदिर क्षेत्र में 1101 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का अवलोकन कर 12 नवविकसित दुकानों का उद्घाटन किया। इसके बाद डीएसए मैदान में नवनिर्मित बास्केटबॉल कोर्ट का लोकार्पण करते हुए खिलाड़ियों को खेल किट वितरित की और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान किया।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि नैनीताल में सीवर लाइन और एसटीपी का निर्माण प्रगति पर है तथा पार्किंग की गंभीर समस्या के समाधान हेतु ऑटोमेटिक व मेट्रो पार्किंग निर्माण की दिशा में कार्य आरंभ हो रहा है। साथ ही अशोक पार्किंग का भी विस्तार किया जाएगा। मां नैना देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण मानसखंड कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत हो रहा है, जिसके लिए 12 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। मुख्यमंत्री ने एलान किया कि डीएसए मैदान को मॉडल स्पोर्ट्स सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा तथा फ्लैट्स मैदान में हॉकी टर्फ व बॉक्सिंग रिंग बनाई जाएंगी।

यह मैदान अब केवल खेल व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए ही उपयोग होगा। उन्होंने बताया कि धुनीघाट और रातीघाट पैदल मार्ग का सुधार, शहीद संजय बिष्ट मोटर मार्ग का उच्चीकरण, राज्य मार्ग संख्या-71 के कई खंडों का सुदृढ़ीकरण, वैकल्पिक पार्किंग का निर्माण, बस अड्डा पुनर्विकास, नैनी झील की डिसिल्टिंग और रेलिंग परिवर्तन, वेंडिंग जोन का निर्माण तथा प्रमुख स्थलों का सड़क सुरक्षा सर्वेक्षण कर उनमें पानी का ठहराव कम किया जाएगा। इस दौरान अधिकारियों की बैठक लेते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों-कर्मचारियों को आगाह करते हुए स्पष्ट किया कि जनहित में लापरवाही, कार्य में उदासीनता या भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक सरिता आर्य, फकीर राम आर्य व राम सिंह कैड़ा, अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्यजन तथा मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी वंदना सिंह, आईजी रिधिम अग्रवाल, एसएसपी पीएम मीणा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!