आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 04 जून 2025

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को वीर माधो सिंह भंडारी तकनीकी विश्वविद्यालय स्थित सभागार में देहरादून जनपद में चयनित की गई 212 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। जल्द ही अन्य जनपदों में भी कार्यक्रम आयोजित करके नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।

इस अवसर पर मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का पद सिर्फ रोजगार का माध्यम नहीं बल्कि यह सेवा का एक बड़ा अवसर है। भाजपा सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में सर्वाधिक बढ़ोतरी की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहली बार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की भर्ती ऑनलाइन मोड में आयोजित की गई और इस पूरी प्रक्रिया को सिर्फ तीन महीने के समय में पूरा कर लिया गया।

मंत्री ने कहा कि अब विभाग में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका के रूप में उच्च शिक्षित लड़कियां और महिलाएं आ रही हैं, जिससे निश्चित रूप से विभाग की कार्य क्षमता और कुशलता में बढ़ोतरी होगी।

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग ने हाल ही में पूरे प्रदेश में 6330 आंगनबाड़ी सहायिकाओं और 722 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं यानी कुल मिलाकर 7052 पदों पर भर्ती की है। इनमें से सबसे पहले देहरादून जनपद में 17 कार्यकर्ताओं और 195 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। अन्य 12 जनपदों में भी नियुक्ति पत्र वितरित के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर उपनिदेशक मोहित चौधरी, डीपीओ जितेंद्र कुमार, डीपीओ एसके त्रिपाठी, सीडीपीओ नीतू फुलेरा आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!