विकास और सुशासन की गारंटी है भाजपा, कांग्रेस के पास विकास का कोई रोडमैप नहीं : धामी

उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 16 जनवरी 2025

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निकाय चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में चुनाव प्रचार करते हुए कहा कि भाजपा का दूसरा नाम विकास की गारंटी है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि उसके पास विकास का कोई रोडमैप नहीं है। कांग्रेस को मत देकर वोट खराब नहीं करना है।

बुधवार को धामी ने मुनिकीरेती नगर पालिका परिषद से भाजपा उम्मीदवार बीना जोशी और तपोवन नगर पंचायत से भाजपा उम्मीदवार विनीता बिष्ट के समर्थन में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मुनिकीरेती, तपोवन और ऋषिकेश का क्षेत्र प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण हिस्सा है और यहां के विकास के लिए हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम जनता के सहयोग से उत्तराखंड यूसीसी (समान नागरिक संहिता) लागू करने वाला पहला राज्य बन गया है। देवभूमि उत्तराखंड से निकली समान नागरिक संहिता की गंगोत्री अब पूरे देश को लाभान्वित करेगी, जिससे समाज में समानता और न्याय सुनिश्चित होगा।

धामी ने कहा कि भाजपा की सरकार ने हमेशा हर वर्ग के लोगों की भलाई के लिए काम किया है, जबकि कांग्रेस सिर्फ वोट बैंक की राजनीति करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा सनातन धर्म का अपमान किया है। यह पार्टी सिर्फ वोट हासिल करने के लिए झूठ बोलती है और राष्ट्रहित के मामलों पर कभी सच्चाई से काम नहीं करती।

उन्होंने जनता से कहा कि आप सभी कांग्रेस और उनके समर्थकों से यह सवाल करें कि वे आपके क्षेत्र का विकास कैसे करेंगे? उनका कोई जवाब नहीं होगा, क्योंकि भाजपा की सरकार ही विकास और सुशासन की गारंटी है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि आप भाजपा के उम्मीदवारों को समर्थन देकर कमल का फूल खिलाइए। हम जो योजनाएं शुरू करते हैं, उन्हें पूरा भी करते हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, भाजपा के जिलाध्यक्ष राजेश नौटियाल, संदीप गुप्ता, योगेश राणा, मदन सिंह रावल, राजेंद्र सिंह भंडारी, रोशन लाल सेमवाल, विनोद कुकरेती, रोशन रतूड़ी, प्रेम दत्त, रविंद्र भट्ट समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!