राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की नागपुर में हुई अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक में कई सांगठनिक बदलाव हुए हैं। यूपी के लिहाज से देखें तो काशी, गोरक्ष और ब्रज प्रांत के प्रांत प्रचारक बदल गए हैं। वहीं सबसे बड़ा बदलाव पश्चिम क्षेत्र के पूर्व क्षेत्र प्रचारक आलोक कुमार अब संघ के सह सरकार्यवाह बनाए गए हैं। फिलवक्त उनके पास अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख की जिम्मेदारी थी। उसके अलावा भी कई बदलाव किए गए हैं। आरएसएस के फिर सरकार्यवाह बने दत्तात्रेय होसबाले का केंद्र भी बदल गया है। अब उनका केंद्र लखनऊ के स्थान पर दिल्ली होगा।
कानपुर क्षेत्र के सह प्रांत प्रचारक रमेश अब काशी के प्रांत प्रचारक बनाए गए हैं। काशी के प्रांत प्रचारक रमेश अब गोरक्ष के प्रांत प्रचारक होंगे। वहीं गोरक्ष क्षेत्र के प्रांत प्रचारक सुभाष को अब क्षेत्र प्रचार प्रमुख की जिम्मेदारी दी गई है। अवध क्षेत्र के प्रांत संघचालक कृष्णमोहन अब पूर्वी क्षेत्र के क्षेत्र संघचालक होंगे। वहीं कानपुर के प्रांत कार्यवाह अनिल अब सह क्षेत्र कार्यवाह बनाए गए हैं। वहीं पश्चिमी क्षेत्र की बात करें तो ब्रज क्षेत्र के प्रांत प्रचारक डा. हरीश रौतेला अब क्षेत्र सह संपर्क प्रमुख का दायित्व संभालेंगे। ब्रज क्षेत्र के सह प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र को अब इसी प्रांत में प्रांत प्रचारक बनाया गया है।