अब सरकार फाइलों में नहीं,मैदान पर काम करेगी : मुख्यमंत्री

उत्तराखंड(हरिद्वार),सोमवार 16 फरवरी 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मुख्य सेवक की चौपाल केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार की जवाबदेही का जीवंत प्रमाण है। सरकार का उद्देश्य है कि आमजन को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं उनके द्वार तक पहुंचे। अब सरकार फाइलों में नहीं, बल्कि मैदान पर काम करेगी।

मुख्यमंत्री धामी सोमवार शाम काे हरिद्वार के ग्राम आर्यनगर (गाजीवाली) और श्यामपुर कांगड़ी में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत मुख्य सेवक की चौपाल कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने जनता के बीच बैठकर सीधे संवाद किया और अधिकारियाें काे निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के ग्राम प्रधानों और नागरिकों की उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत को लंबित रखना स्वीकार्य नहीं होगा और जनता के सुझाव ही सरकार के लिए मार्गदर्शन का कार्य करेंगे। उन्हाेंने अन्य विभागीय अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया कि जिन समस्याओं का समाधान तत्काल संभव है, उनका निस्तारण मौके पर ही किया जाए।

उन्होंने बताया कि बीते डेढ़ माह में इस अभियान के माध्यम से लाखों लोग लाभान्वित हो चुके हैं। उन्होंने राज्य में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, स्वरोजगार एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित करने और किसानों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयासों पर भी प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करना एक ऐतिहासिक कदम है, जो सामाजिक समरसता और न्याय को सुदृढ़ करेगा। उन्होंने राज्य में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि जैसे क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों पर भी संतोष व्यक्त किया।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!