कुमाऊंनी और गढ़वाली राठ होलियारों ने बिखेरे होली के रंग

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 28 फरवरी 2026

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के आवास पर होली के उल्लासपूर्ण अवसर पर कुमाऊंनी और गढ़वाली राठ होलियारों ने अपनी पारंपरिक प्रस्तुतियों से समूचे वातावरण को रंगों और उमंग से सराबोर कर दिया। खड़ी होली की मधुर धुनों पर गाए गए फाग गीतों पर श्रोताओं भी थिरकते दिखे।

शनिवार को काबीना मंत्री गणेश जोशी की ओर से होली के पावन अवसर पर उनके हाथीबड़कला स्थित आवास पर भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंत्री जाेशी ने भी होलियारों के साथ फाग गायन एवं नृत्यकर आनंद लिया। इस माैके पर उन्होंने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि लोकसंस्कृति और परंपराएँ हमारी असली पहचान हैं, जिन्हें संरक्षित और संवर्धित करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि होली सामाजिक समरसता, भाईचारे और प्रेम का प्रतीक पर्व है। यह हमें जीवन की नकारात्मकताओं को त्यागकर सकारात्मकता अपनाने की प्रेरणा देता है। होलिका दहन बुराइयों के अंत और अच्छाइयों की विजय का संदेश देता है। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि एवं प्रगति की कामना की।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में पारंपरिक वेशभूषा में सजे होलियारों ने ढोल-दमाऊँ और मसकबीन की थाप पर लोकधुनों की ऐसी छटा बिखेरी कि उपस्थित जनसमूह झूमने को मजबूर हो गया। कुमाऊं की खड़ी होली और गढ़वाल की राठ होली की अनूठी शैली ने उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत की। फाग गायन के दौरान होलियारों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा के प्रसंगों के साथ ऋतु परिवर्तन और सामाजिक सरोकारों से जुड़े पारंपरिक गीत भी प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में छोलिया नृत्य दल की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज और रंगों की फुहारों के बीच होलियारों की सामूहिक गायन-शैली ने आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, प्रबुद्धजनों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। उपस्थित लोगों ने मंत्री को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और एक-दूसरे को रंगों के इस पर्व की बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!