उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 11 फरवरी 2026
जनपद देहरादून के थाना डालनवाला क्षेत्र में हुई गोलीकाण्ड की गंभीर घटना के बाद बुधवार काे पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आईजी ने घटनास्थल की परिस्थितियों, उपलब्ध साक्ष्यों और अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की। आईजी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून को विशेष टीम गठित कर आरोपिताें की पहचान और गिरफ्तार करने के लिए सभी तकनीकी एवं विधिक संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने का निर्देश दिया।
पुलिस महानिरीक्षक ने राजधानी के क्षेत्राधिकारी (सीओ) को सख्त निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करने के साथ ही पुलिस बल की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करें और संवेदनशील मामलों पर तत्काल निरोधात्मक कार्रवाई करें। उन्होंने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को मजबूत करने और अफवाहों पर नियंत्रण रखने पर भी जोर दिया।
आईजी ने चेतावनी दी कि किसी भी आपराधिक घटना की पुनरावृत्ति होने पर संबंधित थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी और क्षेत्राधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
पुलिस महानिरीक्षक ने अधिकारियों को कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने, आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
डालनवाला हत्या मामले में तीन व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर
डालनवाला क्षेत्र में अर्जुन शर्मा की हत्या के संबंध में मृतक की पत्नी अभिलाषा शर्मा की शिकायत पर कोतवाली डालनवाला में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विनोद उनियाल, संगीता उनियाल पत्नी विनोद उनियाल और डॉ. अजय खन्ना, एसके मैमोरियल हॉस्पिटल से पैसों के लेन-देन को लेकर अर्जुन शर्मा के साथ विवाद चल रहा था। विवाद के चलते उनके पति की हत्या कराए जाने का शक है।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया है। पुलिस पूरे जनपद में लगातार सघन चेकिंग अभियान चला रही है। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरा और अन्य सर्विलांस माध्यमों से भी आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या घटना की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या कंट्रोल रूम को दें, ताकि शीघ्र कार्रवाई की जा सके।