यूपी के आगरा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक शख्स ने शादी के नौवें दिन ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दरअसल पत्नी के मायके के जाने के बाद ही युवक ने ऐसा आत्मघाती कदम उठाया। दूसरी ओर सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हालांकि घटनास्थल से कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ।
यह घटना न्यू आगरा के नगला पदी क्षेत्र का है। ससुराल से पहले पग फेरे पर गई दुल्हन को इस बात का अंदाजा भी न होगा कि उसकी हाथ की मेंहदी छूटने से पहले उसकी मांग का सिंदूर मिट जाएगा। भावी जीवन के सपने सजोए इधर वह मायके पहुंची उधर पति ने जीवन लीला ही समाप्त कर ली। आगरा नगला पदी निवासी अंकुश ध्वज ने शनिवार रात को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अंकुश की शादी 8 मार्च को हुई थी। उसकी दुल्हन पहले फेरे पर मायके गई थी। रविवार सुबह परिवार के लोगों ने अंकुश का शव फंदे पर लटका देखा तो चीत्कार मच गया।
अंकुश की मौत की खबर मिलते ही दुल्हन भी ससुराल वापस आ गई। पति के शव को देख वो बेसुध हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने बताया कि आत्महत्या के कारणों की जानकारी नहीं हो सकी है। फिलहाल मामले की जांच कर रही है। वहीं एसीपी अरीब अहमद ने बताया कि युवक के मोबाइल की डिटेल निकाली जा रही है। मृतक सांख्यिकी विभाग में संविदा कर्मचारी था।