उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 11 फ़रवरी 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून स्थित सेन्ट्रियों मॉल, हाथीबड़कला में गाय संरक्षण पर आधारित फिल्म ‘गौदान’ का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने फिल्म की विषयवस्तु को भारतीय संस्कृति, ग्रामीण जीवन और गौ-संवर्धन की परंपरा से जुड़ा प्रेरणादायी प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि गाय केवल आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, जैविक कृषि और पर्यावरण संरक्षण की आधारशिला भी है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि फिल्म को राज्य सरकार द्वारा उत्तराखण्ड में टैक्स फ्री किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसे देख सकें और गौ संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ सके। उन्होंने कहा कि राज्य में गौशालाओं के सुदृढ़ीकरण, निराश्रित गोवंश के संरक्षण, पशुपालकों को प्रोत्साहन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने फिल्म निर्माता विनोद कुमार चौधरी और पूरी टीम को शुभकामनाएं दी। उन्होंने राज्य की फिल्म नीति, फिल्म स्टूडियो और आधारभूत संरचना के विकास, स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों के प्रोत्साहन पर भी प्रकाश डाला।
मुख्यमंत्री ने आशा जताई कि ‘गौदान’ जैसी प्रेरक फिल्में समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने और उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, रेखा आर्य, आरएसएस के प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।