मुख्यमंत्री धामी ने पांच विधानसभा क्षेत्रों के लिए की गई घोषणाओं की समीक्षा की

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 07 अप्रैल 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत थराली, कर्णप्रयाग, केदारनाथ, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और जन समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए। दूरस्थ क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने, हेली एंबुलेंस की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार के प्रयास किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और विधायकगणों की उठाई जा रही समस्याओं को अधिकारी गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करें। जिन योजनाओं का समाधान शीघ्र संभव है, उनमें अनावश्यक विलंब न हो। कार्यों में देरी करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों से संबंधित प्रस्तावों को विभागों के बीच शीघ्र हस्तांतरित किया जाए। विलंब होने पर संबंधित विभागों की जवाबदेही तय की जाएगी।

उन्होंने वन विभाग की लंबित मुख्यमंत्री घोषणाओं की अलग से समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य सचिव को मानसून से पूर्व संभावित चुनौतियों के मद्देनजर व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित करने तथा बाढ़ नियंत्रण से जुड़े कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। चारधाम यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं। वाणिज्यिक सिलेंडरों के मुद्दे पर होटल एसोसिएशन के साथ समन्वय बनाकर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल, भूपाल राम टम्टा, आशा नौटियाल, विनोद कंडारी, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन,आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, नितेश झा, दिलीप जावलकर, सचिन कुर्वे, रविनाथ रमन, एस.एन. पांडेय, डॉ. पंकज कुमार पांडेय, डॉ. आर. राजेश कुमार, धीराज गर्ब्याल, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं वर्चुअल माध्यम से संबंधित जिलाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!