चुनावी रणनीति पर भाजपा का मंथन, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 14 फरवरी 2026

उत्तराखंड भारतीय जानता पार्टी (भाजपा) ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज कर दी है। इसी के मद्देनजर शनिवार को जौलीग्रांट स्थित एक होटल में कोर ग्रुप की बैठक बुलाई गई।

पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा की मौजूदगी में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार तथा कोर ग्रुप के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के उपरांत प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में 70 सीटों पर विजय सुनिश्चित करने के लक्ष्य के साथ कार्य करेगी। चुनाव को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। इसी उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों एवं चुनावी रणनीति को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

भट्ट ने बताया कि सेवा कार्यों, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, एक पेड़ मां के नाम अभियान, आपातकाल का काला अध्याय, विभाजन विभीषिका दिवस, सेवा पखवाड़ा, जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान, वीर बाल दिवस सहित अन्य राष्ट्रीय एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि मार्च से अप्रैल तक विभिन्न विषयों पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। चुनावी दृष्टि से कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए वाराणसी में प्रशिक्षण शिविर भेजा जाएगा। 17 फरवरी को प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित होगी, जिसमें मुख्यमंत्री के साथ वर्तमान राजनीतिक एवं संगठनात्मक परिस्थितियों पर चर्चा की जाएगी।

उन्होंने बताया कि 23 मार्च को प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को आमंत्रित करने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि मंडल स्तर पर मोर्चों की बैठक के बाद संयुक्त मोर्चा बैठक आयोजित कर संगठन को और सुदृढ़ किया जाएगा। नव मतदाताओं को जोड़ने तथा दोनों मंडलों में बूथ कार्यक्रमों को मजबूत करने की रणनीति तैयार की गई है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री विधायकों के साथ अलग से संवाद करेंगे। उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल विस्तार के मुद्दे पर भी चर्चा हुई है। राज्य स्तरीय सर्वे के आधार पर कोर कमेटी में मंथन किया गया। केंद्रीय टीम विकास केंद्रित मुद्दों के आधार पर चुनाव में उतरेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!