कृषि मंत्री ने घेरबाड़ प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के दिए निर्देश

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 17 मार्च 2026

उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अपने कैंप कार्यालय में कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति का आकलन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में मंत्री ने केंद्र सरकार के घेरबाड़ (फेंसिंग) के लिए स्वीकृत 90 करोड़ रुपये में से राज्य को प्राप्त 25 करोड़ रुपये के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपदवार प्रस्ताव शीघ्र तैयार किए जाएं। साथ ही शेष राशि की स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार को भेजी जाने वाली आवश्यक औपचारिकताएं भी समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं, ताकि किसानों को इसका लाभ मिल सके।

उन्होंने अधिकारियों को वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राज्य सरकार द्वारा निर्धारित 20 करोड़ रुपये के बजट के अंतर्गत घेरबाड़ कार्यों की जिलेवार कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। मंत्री ने केंद्र एवं राज्य पोषित योजनाओं की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया और कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में सचिव कृषि एस.एन.पांडेय,कृषि एवं उद्यान महानिदेशक वंदना सिंह और निदेशक कृषि दिनेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!