उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर 21 मार्च को हल्द्वानी में विशाल सम्मेलन

उत्तराखंड(देहरादून),रविवार 15 मार्च 2026

उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कुमाऊं क्षेत्र में 21 मार्च को हल्द्वानी में एक विशाल सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह संबोधित करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में कुमाऊं मंडल के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम लोगों के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन में राज्य सरकार की चार वर्षों की उपलब्धियों और आगामी विकास योजनाओं पर भी प्रकाश डाला जाएगा।

भट्ट के अनुसार प्रदेश में सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से सरकार की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाएगी।विधानसभा सत्र को लेकर विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा विधायकों ने सदन में जनहित से जुड़े अधिक मुद्दे उठाए, जबकि विपक्ष का ध्यान हंगामे पर अधिक रहा। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक जनता के जिम्मेदार प्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्रीय समस्याओं और जनसरोकारों के विषय सदन में उठा रहे हैं।

उन्होंने विपक्ष पर सत्र को लेकर गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिन दलों ने सत्र की अवधि को लेकर सवाल उठाए, वे प्रश्नकाल में पर्याप्त प्रश्न भी नहीं जुटा पाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!