उत्तराखंड(देहरादून),रविवार 29 नवंबर 2026
उत्तराखंड परिवहन निगम की ओर से देहरादून से नेपालगंज और महेंद्रनगर तक बस सेवा शुरू करने की खबर सामने आई है। इसके लिए 16 परमिट मिलने की बात कही जा रही है। एक तरफ सरकार अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर बस सेवा बढ़ाने की बात कर रही है, वहीं दूसरी तरफ श्री राम जन्मभूमि अयोध्या, मथुरा, श्री अमृतसर साहिब और कटरा श्री वैष्णो देवी जाने वाली बसों को कम यात्रियों का बहाना बनाकर बंद कर दिया गया है।
शिकायतकर्ता कुलदीप सिंह का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आने वाली सदी को विकसित उत्तराखंड की सदी बताते हुए धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने का विजन रखते हैं। उसी सरकार में अधिकारी आम नागरिकों से धार्मिक स्थलों की यात्रा का अधिकार छीन रहे हैं, यह भला कहां तक न्यायोचित है।
कुलदीप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन / सीएम पोर्टल पर की गई शिकायत पर कार्रवाई करने के स्थान पर बार-बार शिकायत को ही बंद कर दिया जा रहा है। बिना शिकायत का समाधान किए शिकायत बंद करना आम नागरिक की स्वतंत्रता व मौलिक अधिकारों को कुचलने जैसा है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब घाटे की भरपाई उत्तराखंड परिवहन निगम को राज्य सरकार करती है, और उत्तराखंड में 80% क्षेत्रों में घाटा हो रहा है, जिसकी भरपाई भी राज्य सरकार ही कर रही है, तो फिर घाटे का नाम देकर ही इन धार्मिक मार्गों की बसें क्यों बंद की गईं। उनका आरोप है कि हिन्दू हितों की बात करने वाली भारतीय जनता पार्टी की उत्तराखंड धामी सरकार के अधिकारी सरकार को गलत जानकारी देकर गुमराह कर रहे हैं।
कुलदीप सिंह ने कहा कि जब शिकायतकर्ता की शिकायत पर कार्रवाई ही नहीं होनी है, तो जनहित की अनदेखी करने वाले अधिकारियों पर आखिर कब कार्रवाई होगी।
उन्होंने एक और मुद्दा उठाया कि एक तरफ देहरादून स्मार्ट सिटी है, पर रात्रि में बाहर से आने वाले यात्रियों को आईएसबीटी से घंटाघर तक रात्रि स्मार्ट सिटी बस नहीं मिलती है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि अयोध्या, मथुरा, अमृतसर और वैष्णो देवी की बंद बसों को पुनः शुरू किया जाए और रात्रि स्मार्ट सिटी बस सेवा शुरू की जाए।
