धामी कैबिनेट के 23 प्रस्तावों पर मुहर, आशा कार्यकत्रियों का मानदेय ₹1,700 बढ़ा; वन आरक्षी भर्ती की आयु सीमा 28 वर्ष - uttarakhandkihunkar.in

धामी कैबिनेट के 23 प्रस्तावों पर मुहर, आशा कार्यकत्रियों का मानदेय ₹1,700 बढ़ा; वन आरक्षी भर्ती की आयु सीमा 28 वर्ष

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 27 नवंबर 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में 23 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में आशा कार्यकत्रियों के मासिक मानदेय में 1,700 रुपये की वृद्धि, वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष करने और हरिद्वार में 21.08 किलोमीटर लंबी ‘हरिद्वार दर्शन’ पॉड टैक्सी परियोजना को मंजूरी देने जैसे अहम फैसले लिए गए।

इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली-2026 लागू करने, पीजी करने वाले चिकित्सकों के लिए दो वर्ष की अनिवार्य सरकारी सेवा, चीनी मिलों को 207.75 करोड़ रुपये की सरकारी गारंटी और आबकारी विभाग में 11 नए पद सृजित करने के प्रस्तावों पर भी मुहर लगी।

धामी मंत्रिमंडल के 23 बड़े फैसले

  1. आशा कार्यकत्रियों को राहत : मासिक मानदेय में 1,700 रुपये की वृद्धि को मंजूरी।
  2. आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय : कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि पर निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री अधिकृत।
  3. वन आरक्षी भर्ती : अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष की गई। यह व्यवस्था 31 दिसंबर 2028 तक लागू रहेगी।
  4. सामाजिक सुरक्षा नियमावली : उत्तराखण्ड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली-2026 को मंजूरी। संगठित और असंगठित कर्मकारों के लिए अलग-अलग बोर्ड और सामाजिक सुरक्षा कोष गठित होंगे।
  5. सफाई कर्मचारी आयोग : आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित होगा।
  6. फार्मासिस्ट भर्ती : ईएसआई योजना में फार्मासिस्ट की सीधी भर्ती के लिए डी.फार्मा के साथ बी.फार्मा को भी शैक्षिक योग्यता में शामिल किया जाएगा।
  7. पीजी डॉक्टरों की अनिवार्य सेवा : राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी करने वाले चिकित्सकों को पढ़ाई पूरी करने के बाद दुर्गम और पर्वतीय क्षेत्रों में दो वर्ष सरकारी सेवा देनी होगी।
  8. चीनी मिलों को सरकारी गारंटी : पेराई सत्र 2026-27 के लिए बाजपुर, नादेही, किच्छा और डोईवाला चीनी मिलों को 207.75 करोड़ रुपये की सरकारी प्रत्याभूति मिलेगी।
  9. एक्स-रे टेक्नीशियन नियमावली : चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग की एक्स-रे टेक्नीशियन सेवा नियमावली में संशोधन को मंजूरी।
  10. आबकारी विभाग में नए पद : उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह सहित कुल 11 नए पद सृजित होंगे।
  11. हरिद्वार पॉड टैक्सी : 21.08 किलोमीटर लंबी ‘हरिद्वार दर्शन’ परियोजना को मंजूरी। तीन कॉरिडोर में कुल 21 स्टेशन प्रस्तावित।
  12. एनएचआईडीसीएल पर कार्रवाई : निर्माण कार्य शुरू नहीं करने पर एनएचआईडीसीएल को कार्यदायी संस्थाओं के पैनल से हटाने का निर्णय।
  13. भवन निर्माण नियम : भवन उपयोग और भूखंड क्षेत्रफल के आधार पर नियमों में शिथिलीकरण के लिए अलग-अलग सक्षम स्तर निर्धारित होंगे।
  14. भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क : महायोजना में शुल्क की दरें छह अक्टूबर 2021 के शासनादेश के अनुसार निर्धारित होंगी।
  15. खनिज फाउंडेशन शुल्क : जिला खनिज फाउंडेशन न्यास शुल्क 15 से घटाकर 10 प्रतिशत और क्षतिपूर्ति शुल्क 10 से बढ़ाकर 15 प्रतिशत किया गया।
  16. बापूग्राम आरक्षित वन : ऋषिकेश की 594.90 एकड़ अधिसूचित वन भूमि को डीनोटिफाई करने के प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति।
  17. ग्रामीण पेयजल नीति : उत्तराखण्ड ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव नीति-2026 को मंजूरी।
  18. सेतु आयोग नियमावली : उत्तराखण्ड सेतु आयोग सूचना प्रौद्योगिकी सेवा नियमावली-2026 को मंजूरी।
  19. लेखा परीक्षा नियमावली : उत्तराखण्ड लेखा परीक्षा राजपत्रित सेवा (संशोधन) नियमावली-2026 को मंजूरी।
  20. महाधिवक्ता कार्यालय नियमावली : कर्मचारियों की सेवा संबंधी संशोधन नियमावली-2026 को मंजूरी।
  21. राजस्व विभाग : राजस्व निरीक्षक और रजिस्ट्रार कानूनगो की पदोन्नति एवं सेवा व्यवस्था के लिए मंत्रिमंडलीय उपसमिति गठित होगी।
  22. सेवानिवृत्त अधिकारी को लाभ : सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक डॉ. दिनेश चंद्र ध्यानी को समान सेवा लाभ देने के प्रस्ताव को मंजूरी।
  23. विधानसभा सत्रावसान : उत्तराखण्ड विधानसभा के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र का तत्काल प्रभाव से सत्रावसान करने की संस्तुति।

हरिद्वार पॉड टैक्सी परियोजना के तीन कॉरिडोर

  • सीतापुर से भारत माता मंदिर: 15.58 किलोमीटर, 15 स्टेशन।
  • सिटी हॉस्पिटल से दक्ष मंदिर: 3.10 किलोमीटर, 4 स्टेशन।
  • गणेशपुरम से डीएवी स्कूल: 2.40 किलोमीटर, 2 स्टेशन।

इस तरह कुल 21.08 किलोमीटर के तीन कॉरिडोर में 21 स्टेशन बनाए जाने प्रस्तावित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!