विकसित भारत के लक्ष्य के लिए हर समाज की भागीदारी जरूरी : राज्यपाल - uttarakhandkihunkar.in

विकसित भारत के लक्ष्य के लिए हर समाज की भागीदारी जरूरी : राज्यपाल

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 25 नवंबर 2026

राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि शिक्षा, सेवा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक समरसता विकसित भारत के निर्माण के प्रमुख आधार हैं। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रत्येक समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

राज्यपाल बुधवार को महाराष्ट्र के गोंदिया में पंवार प्रगतिशील मंच की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गोंदिया में पंवार समाज की संगठित यात्रा वर्ष 1900 से निरंतर आगे बढ़ रही है। समाज को शिक्षित और प्रगतिशील बनाने में पूर्वजों का योगदान प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने वर्ष 1976 में स्थापित श्री प्रगतिशील शिक्षण संस्था और वर्ष 1991 में गठित पंवार प्रगतिशील मंच के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज की उन्नति का सबसे मजबूत आधार है। आर्थिक अभाव के कारण कोई भी प्रतिभाशाली बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। बेटियों को समान अवसर देने के साथ युवाओं को उच्च शिक्षा, कौशल विकास, अनुसंधान, विज्ञान और उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करना होगा। युवा केवल रोजगार पाने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाले बनें।

राज्यपाल ने पंवार प्रगतिशील मंच की ओर से सांस्कृतिक भवन एवं छात्रावास निर्माण, चिकित्सा शिविर, सामूहिक विवाह और सांस्कृतिक आयोजनों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी समुदायों को साथ लेकर चलना और चिकित्सा शिविरों का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना सामाजिक समरसता का उदाहरण है।

किसानों के कल्याण पर जोर देते हुए राज्यपाल ने कहा कि किसान देश की अन्न सुरक्षा का आधार हैं। आधुनिक कृषि पद्धतियों, जैविक खेती, दुग्ध उत्पादन और बेहतर बाजार व्यवस्था को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत की जा सकती है। इसके लिए कृषि को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और किसानों की आय बढ़ाने के सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय और सांस्कृतिक विविधताएं देश की शक्ति हैं, लेकिन भारतीयता और राष्ट्र के प्रति समर्पण हमारी सर्वोपरि पहचान है। उन्होंने युवाओं और समाज के लोगों से संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता, किसानों के सम्मान और सभी समुदायों को साथ लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!