मुख्यमंत्री धामी ने गंगा में छोड़े 10 हजार मत्स्य बीज - uttarakhandkihunkar.in

मुख्यमंत्री धामी ने गंगा में छोड़े 10 हजार मत्स्य बीज

उत्तराखंड(हरिद्वार),रविवार 22 नवंबर 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर हरिद्वार के अमरापुर घाट पर गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीजों का संचयन किया। मत्स्य विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा के संरक्षण, जलीय जैव विविधता के संवर्धन और नदी के पारिस्थितिकीय संतुलन को बनाए रखने पर जोर दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मां गंगा केवल आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक ही नहीं, बल्कि समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों का भी महत्वपूर्ण आधार हैं। गंगा की निर्मलता, अविरलता और प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नदियों में पाए जाने वाले जलीय जीवों और प्राकृतिक मत्स्य संपदा का संरक्षण पर्यावरणीय संतुलन के लिए बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। नदियों में उपयुक्त प्रजातियों के मत्स्य बीजों का संचयन प्राकृतिक मत्स्य संपदा को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे जलीय पारिस्थितिकी के संरक्षण के साथ मत्स्य संसाधनों के सतत विकास को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने आमजन से गंगा सहित प्रदेश की सभी नदियों को स्वच्छ रखने, जल प्रदूषण रोकने और जलीय जीवों के प्राकृतिक आवासों के संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि नदियां और प्राकृतिक संसाधन आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण के साथ विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही पर्यावरण की दृष्टि से सुरक्षित भविष्य का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा और पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह नेगी सहित मत्स्य विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!