धामी ने दिया ‘मिशन 2027’ का मंत्र,बोले-समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत संगठन ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत - uttarakhandkihunkar.in

धामी ने दिया ‘मिशन 2027’ का मंत्र,बोले-समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत संगठन ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत

उत्तराखंड(हरिद्वार),शनिवार 21 नवंबर 2026

उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हरिद्वार में भाजपा के संयुक्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन को चुनावी दृष्टि से सक्रिय और मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती,जनसंपर्क अभियान,आगामी चुनाव की तैयारियों और विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित,अनुशासित और कर्मठ कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं के परिश्रम और संगठन के प्रति निष्ठा से ही पार्टी ने देशभर में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उत्तराखंड में भी डबल इंजन सरकार के माध्यम से सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, औद्योगिक निवेश और रोजगार के क्षेत्रों में तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के प्रमुख निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू करने, सख्त नकल विरोधी कानून बनाने और महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने जैसे महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। उनके अनुसार प्रदेश में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं और तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। पर्यटन की संभावनाओं का विस्तार, निवेश को प्रोत्साहन, अर्थव्यवस्था को मजबूती और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा सहित सभी संगठनात्मक इकाइयां समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। पदाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर जनता से सीधा संवाद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव में बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता महत्वपूर्ण होती है। कार्यकर्ताओं को स्थानीय समस्याओं और जनभावनाओं को समझते हुए जनता के बीच निरंतर उपस्थित रहना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं का समर्पण और सरकार के विकास कार्यों के आधार पर जनता के साथ विश्वास का रिश्ता और मजबूत किया जाना चाहिए।

बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट, सांसद एवं प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज और प्रदेश महामंत्री (संगठन) फणींद्रनाथ शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!