हर नागरिक तक विकास पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : रेखा आर्या

उत्तराखंड(पिथौरागढ़),बुधवार 15 जुलाई 2026

धामी सरकार के जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत बुधवार को पिथौरागढ़ जिले के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तोली में जनसुनवाई शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 400 से अधिक ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं, जिनमें से 150 से अधिक शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक विकास की धारा पहुंचाना और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शिविरों का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर शासन-प्रशासन को आमजन के द्वार तक पहुंचाना है।

शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों की शिकायतों का निस्तारण करने के साथ ही पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र और सहायक छड़ियां वितरित की गईं। विभिन्न विभागों की ओर से पात्र लाभार्थियों को सरकारी सहायता राशि के चेक भी प्रदान किए गए।

जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त सड़कों और नालियों की मरम्मत, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़, पेयजल संकट के समाधान, नए राशन कार्ड जारी करने तथा युवाओं के लिए खेल मैदान के निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई।

रेखा आर्या ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर मामलों की जानकारी ली और समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और शिविर में दर्ज शिकायतें आगामी जनसुनवाई कार्यक्रमों में दोबारा नहीं आनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

शिविर में जिलाधिकारी आशीष भटगाईं, मुख्य विकास अधिकारी दीपक सैनी, प्रभागीय वनाधिकारी आशुतोष सिंह, उपजिलाधिकारी आशीष जोशी, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक कविता भगत, जिला पूर्ति अधिकारी अनूप बिष्ट, परियोजना निदेशक आशीष पुनेठा, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निर्मल एस. बसेड़ा, जिला उद्यान अधिकारी डॉ. आर.एस. चाहल, पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता किशन सिंह ऐरी, जिला युवा कल्याण अधिकारी शंकर बोरा, जिला परिवहन अधिकारी विनय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

पिथौरागढ़ जिले के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तोली में आयोजित जनसुनवाई शिविर के दौरान कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या पात्र लाभार्थियों को सहायक उपकरण एवं अन्य सहायता सामग्री वितरित करती हुईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!