उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 30 मई 2026
उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्य ने शनिवार को देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित मल्टीपरपज हॉल में राज्य सचिवालय बैडमिंटन क्लब द्वारा आयोजित वार्षिक बैडमिंटन प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में 200 से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
इस अवसर पर खेल मंत्री आर्य ने कहा कि खेल व्यक्ति को परिश्रम, संघर्ष और समर्पण जैसे गुण सिखाते हैं, जो जीवनभर उसके काम आते हैं। उन्होंने कहा कि काम जितना जरूरी है, खेल भी शरीर और मन को स्वस्थ रखने के लिए उतने ही आवश्यक हैं। रेखा आर्या ने कहा कि सचिवालय के कर्मचारी और अधिकारी अवकाश के दिनों में इस प्रतियोगिता का आयोजन कर यह संदेश दे रहे हैं कि व्यस्त कार्यशैली के बीच खेल गतिविधियों के लिए समय निकालना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता ही नहीं बढ़ाते, बल्कि अनुशासन, धैर्य और टीम भावना का भी विकास करते हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद उत्तराखंड में खेल संस्कृति को नया विस्तार मिला है। अब प्रदेश का कोई भी स्टेडियम खाली नहीं रहता और खिलाड़ी नियमित रूप से अभ्यास के लिए पहुंच रहे हैं। राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं का भी लगातार आयोजन हो रहा है। प्रदेश की सरकार भी खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में चार प्रतिशत आरक्षण तथा आउट ऑफ टर्न नियुक्ति जैसे प्रावधानों ने युवाओं को खेल को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया है।
खेल मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में विकसित किए गए अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल बुनियादी ढांचे को देखते हुए भविष्य में कॉमनवेल्थ और ओलंपिक जैसे बड़े आयोजनों की कुछ खेल प्रतिस्पर्धाओं की मेजबानी का अवसर भी राज्य को मिल सकता है।
इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष हीरा सिंह बसेड़ा, महासचिव प्रमोद कुमार, प्रभारी जिला खेल अधिकारी रविंदर भंडारी, भूपेंद्र बसेड़ा, सत्येंद्र सिंह सजवाण, अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी पुनीता, संजय जोशी सहित अनेक खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।