तुंगनाथ-चंद्रशिला में आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत, एक घायल

उत्तराखंड(रुद्रप्रयाग),शनिवार 30 मई 2026

तुंगनाथ-चंद्रशिला क्षेत्र में खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 29 मई को तुंगनाथ क्षेत्र में एक पर्यटक समूह खराब मौसम में फंस गया था। इसी दौरान आंधी, तूफान और वर्षा के बीच आकाशीय बिजली गिरने से समूह के कुछ सदस्य इसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ निरीक्षक अनिरुद्ध भंडारी के निर्देशन में पोस्ट रतूड़ा से उपनिरीक्षक संतोष परिहार के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

प्रारंभिक राहत कार्य के दौरान अन्य एजेंसियों की ओर से गंभीर रूप से घायल युवक को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेज दिया गया, जबकि दो अन्य सदस्य सुरक्षित पाए गए। वहीं, बिजली की चपेट में आने से 19 वर्षीय अभिनव वाजपेई की मौके पर ही मृत्यु हो गई। उसकी पहचान अभिनव वाजपेई (19 वर्ष), पुत्र संजीत कुमार, निवासी लखनऊ के रूप में हुई है। जबकि अभिषेक बाजपेई (23 वर्ष), पुत्र संजीत कुमार, निवासी लखनऊ, शुभम शुक्ला (25 वर्ष), पुत्र अनुज शुक्ला, निवासी उन्नाव, उत्तर प्रदेश, आजन मिश्रा (24 वर्ष), पुत्र नीतू मिश्रा, निवासी लखनऊ सुरक्षित हैं।

रात्रि के समय खराब मौसम, दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र और चोपता से चंद्रशिला तक लगभग 8 से 10 किलोमीटर लंबे कठिन पैदल मार्ग के बावजूद टीम ने अभियान जारी रखा। टीम रात करीब 11 बजे घटनास्थल तक पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कठिन मार्ग से नीचे चोपता तक पहुंचाया। बाद में शव को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!