देवभूमि की बदलती डेमोग्राफी पर बजरंग दल ने जताया आक्राेश, दी आंदोलन की चेतावनी

उत्तराखंड(देहरादून),रविवार 17 मई 2026

बजरंग दल ने देवभूमि में कथित लैंड जिहाद, तेजी से बदलती डेमोग्राफी, लव जिहाद और धर्मांतरण के विरोध में रविवार काे दर्शनलाल चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे क्षेत्र संयोजक अनुज वालिया ने आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में विशेषकर पछवादून क्षेत्र में भूमाफियाओं की ओर से सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे कर बाहरी लोगों को बसाया जा रहा है, जिससे देवभूमि की जनसंख्या संरचना तेजी से बदल रही है। उन्होंने कहा कि देहरादून में बढ़ते अपराधों के पीछे भी ऐसे तत्वों की भूमिका सामने आ रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में बजरंग दल की ओर से तीन महीने पहले जिलाधिकारी देहरादून को लिखित शिकायत भी दी गई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की निष्क्रियता से शासन-प्रशासन की मौन सहमति का आभास होता है।

अनुज वालिया ने कहा कि बजरंग दल देवभूमि में कथित लैंड जिहाद और धर्मांतरण को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि छद्म पहचान और नाम बदलकर लव जिहाद जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं और धर्मांतरण के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 15 जून से पूरे प्रदेश में व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा और जिलाधिकारी कार्यालयों के बाहर अनशन किया जाएगा।

प्रदर्शन में विभाग संयोजक आशु जोशी, सह विभाग संगठन मंत्री अक्षत राणाकोटी (कान्हा) ने कहा कि बजरंग दल देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान और मूल स्वरूप की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं विभाग मंत्री आलोक सिन्हा ने आरोप लगाया कि सरकार इस गंभीर मुद्दे पर मूकदर्शक बनी हुई है।

धरना-प्रदर्शन में देहरादून और विकासनगर क्षेत्र के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान प्रांत उपाध्यक्ष सुभाष जोशी, विकास वर्मा, जिला अध्यक्ष डॉ. माधव मैठाणी, अनिल मेसोन, कुलदीप सैनी, जिला मंत्री श्याम शर्मा, विशाल चौधरी, रमेश डोंडियाल, रवींद्र पाल, जिला संयोजक शेखर बंसल और कमल बिजलवन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!