श्रीनगर में नौ साल बाद फिर शुरू हुई सिटी बस सेवा - uttarakhandkihunkar.in

श्रीनगर में नौ साल बाद फिर शुरू हुई सिटी बस सेवा

उत्तराखंड(पौड़ी गढ़वाल),शनिवार 31 अक्टूबर 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के श्रीनगर आगमन पर शहर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए सड़कों के किनारे बड़ी संख्या में लोग उमड़े रहे। जगह-जगह लोगों ने उनका अभिनंदन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भी लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

श्रीनगर दौरे पर मुख्यमंत्री ने नगरवासियों को लगभग 9.35 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात देने के साथ करीब नौ साल बाद सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया। वहीं, ‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखंड’ कार्यक्रम के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि वितरित की और 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट प्रदान की।

श्रीनगर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, विधायक भरत चौधरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, महापौर आरती भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने स्वागत किया। इस अवसर पर जूनियर दिल्ली स्कूल की प्रधानाचार्य बबिता गुसाईं के साथ आए 10 विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को डीक्राफ्ट भेंट किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनका हालचाल जाना और उन्हें प्रोत्साहित किया।

सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखंड कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को चेक वितरित किया। साथ ही 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट प्रदान की। इस पहल के माध्यम से महिला समूहों की आजीविका को प्रोत्साहन देने के साथ स्वच्छता कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही महिलाओं के स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखने का प्रयास किया गया।

श्रीनगरवासियों की लंबे समय से प्रतीक्षित मांग पूरी करते हुए नगर में करीब नौ साल बाद सिटी बस सेवा फिर शुरू हुई। मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में स्थापित ईवी चार्जिंग स्टेशन का लोकार्पण भी किया। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहन मिलने के साथ शहर में पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। यह पहल स्वच्छ एवं हरित शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं निस्तारण सुविधा, स्वर्गीय रणजीत सिंह भंडारी वाटिका (रेन वॉटर हार्वेस्टिंग पार्क), सड़क एवं नाली निर्माण, लक्ष्मीनारायण पार्क, पार्कों का सौंदर्यीकरण तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं से नगर की स्वच्छता व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और आधारभूत नागरिक सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!