राज्यपाल ने वसंतोत्सव के दौरान आर्ट गैलरी व फोटो प्रदर्शनी का किया अवलोकन

उत्तराखंड(देहरादून),रविवार 01 मार्च 2026

लोक भवन में आयोजित वसंतोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और पुष्प प्रदर्शनी का अवलोकन किया। रंग-बिरंगे फूलों और सजीव सजावट ने आगंतुकों को आकर्षित किया।

लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने शनिवार को लोक भवन में आयोजित तीन दिवसीय वसंतोत्सव के अवसर पर आर्ट गैलरी और फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में विभिन्न विषयों पर आधारित चित्रों एवं प्राकृतिक सौंदर्य, जीव-जंतुओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े छायाचित्रों का प्रदर्शन किया गया। राज्यपाल ने कलाकारों एवं फोटोग्राफरों से संवाद कर उनकी प्रतिभा की सराहना की और कुछ चित्रकारों की पेंटिंग्स खरीदकर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने औद्यानिक गतिविधियों से जुड़े स्वयं सहायता समूहों और गैर-सरकारी संगठनों के स्टॉलों का भ्रमण कर उत्पादों की जानकारी ली और विभिन्न स्टॉलों से खरीदारी की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और स्वरोजगार सृजन में सहायक सिद्ध हो रहे हैं।

राज्यपाल ने कार्यक्रम स्थल पर बने ध्यान केंद्र में “पुष्प ध्यान” कर ‘हीलिंग और वेल-बीइंग’ की भावना को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि फूलों और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ किया जा सकता है। योग केंद्र की भी उन्होंने सराहना की। कार्यक्रम के दौरान रुद्रप्रयाग की केदारघाटी मंचन समिति की ओर से प्रस्तुत नाटक “चक्रव्यूह” विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इसके अतिरिक्त पुष्प उत्पादकों एवं क्रेताओं के मध्य समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से उत्तराखण्ड औद्यानिक बोर्ड द्वारा क्रेता-विक्रेता सभा का आयोजन किया गया।

वसंतोत्सव में कला, प्रकृति, स्वास्थ्य और स्वरोजगार के विविध आयामों का संगम देखने को मिल रहा है, जिससे यह आयोजन जनसामान्य के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!