पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता न हो : मुख्यमंत्री धामी – uttarakhandkihunkar.in

पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता न हो : मुख्यमंत्री धामी

उत्तराखंड(पिथौरागढ़),रविवार 25 अक्टूबर 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चंडाक स्थित बाबू जगजीवन राम राजकीय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और शेष कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से मेडिकल कॉलेज में चल रहे कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो।

इस दौरान धामी ने मेडिकल कॉलेज के प्रथम बैच के विद्यार्थियों और फैकल्टी से मुलाकात कर पढ़ाई, शैक्षणिक अनुभवों और आवश्यक सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने और कॉलेज की व्यवस्थाएं मजबूत करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पिथौरागढ़ को मेडिकल कॉलेज की सौगात मिली है। इसके संचालन से पिथौरागढ़ सहित सीमांत क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी। साथ ही स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अवसर मिलेंगे और उन्हें पढ़ाई के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने अधिकारियों को विद्यार्थियों की शैक्षणिक जरूरतों और आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एके सिंह ने मुख्यमंत्री को संस्थान से संबंधित जानकारी दी।

इस दौरान विधायक फकीर राम टम्टा, विधायक बिशन सिंह चुफाल, पिथौरागढ़ की महापौर कल्पना देवलाल और जिलाधिकारी आशीष भटगांई सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *