उत्तराखंड राज्यसभा सीट के लिए भाजपा ने उम्मीदवार चयन प्रक्रिया तेज की

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 26 सितंबर 2026

उत्तराखंड में रिक्त होने वाली राज्यसभा सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। प्रदेश भाजपा कोर कमेटी की शुक्रवार को हुई बैठक में करीब दो दर्जन संभावित दावेदारों के नामों पर चर्चा हुई। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा को तीन या पांच नामों का पैनल तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई।

बलबीर रोड स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई बैठक में राज्यसभा सीट के संभावित उम्मीदवारों के अलावा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन के ‘सेवा संकल्प अभियान’ की प्रगति पर भी चर्चा हुई। बैठक की शुरुआत नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा के स्वागत से हुई। मुख्यमंत्री धामी,प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत कोर कमेटी के सदस्यों ने उनका अभिनंदन किया।

बैठक के बाद प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने बताया कि राज्यसभा की रिक्त होने वाली सीट के लिए करीब दो दर्जन नामों पर चर्चा हुई। इनमें महिला,अनुसूचित जाति-जनजाति और युवा वर्ग समेत विभिन्न सामाजिक वर्गों से जुड़े नाम शामिल हैं। उन्होंने बताया कि विस्तृत विचार-विमर्श के बाद तीन या पांच नामों का पैनल तैयार करने की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री संगठन को दी गई है।

बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। शक्ति केंद्रों की सक्रियता बढ़ाने, बूथों को सुदृढ़ करने और पन्ना प्रमुखों को अधिक सक्रिय करने की कार्ययोजना पर विचार किया गया। इसके साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

प्रदेश महामंत्री ने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत अब तक आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। शेष कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने और कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी विचार हुआ।

बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, कल्पना सैनी, सांसद अजय भट्ट, माला राज्यलक्ष्मी शाह, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत और तरुण बंसल सहित कोर कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *