मतदान प्रोत्साहन : होटल और रेस्टोरेंट में 20 प्रतिशत तक की मिलेगी छूट

उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 08 अप्रैल 2024

चुनाव आयोग मतदान का ग्राफ बढ़ाने के लिए मतदाताओं को प्रोत्साहित कर रहा है। निर्वाचन की ओर से विभिन्न संगठनों का राज्य में मतदान प्रतिशत बढ़ाने और प्रोत्साहन के लिए सहयोग लिया जा रहा है। इसी के तहत मतदान के पश्चात ग्राहक होटल और रेस्टोरेंट में ठहरने पर 20 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी ताकि अधिक से अधिक मतदाता मतदान में भाग लें सके।

रविवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने नियमित प्रेस ब्रीफिंग में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में मतदान प्रतिशत को बढ़ाने के लिए विभिन्न संगठनों की ओर से सहयोग किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड के होटल एसोसिएशन की ओर से अनुरोध किया गया है कि मतदान प्रतिशत को बढ़ाने और आम जनता को मतदान के प्रति प्रोत्साहित किया जाएगा। उनकी ओर से मतदान के पश्चात 20 अप्रैल को जितने भी ग्राहक होटल और रेस्टोरेंट में प्रवेश करेंगे, उनको 20 प्रतिशत तक की छूट देने का प्रस्ताव सामने रखा है। इस संदर्भ में उनके साथ वार्ता की जायेगी, जो पैरामीटर्स होंगे, उसके पश्चात होटल एसोसिएशन की जानकारी सार्वजनिक रूप से जारी की जायेगी।

मतदान दलों की वापसी तक ये हेलीकॉप्टर रहेंगे तैनात-

निर्वाचन के दौरान सभी कार्मिकों, पुलिस जवानों, पीआरडी स्वयंसेवकों को आपातकालीन स्थिति में मेडिकल इमरजेंसी के दौरान कहीं से रेस्क्यू करने की आवश्यकता होती है,तो इसके लिए राज्य में 02 हेलीकॉप्टर तैनात किये जायेंगे। मतदान दलों के प्रस्थान से लेकर मतदान दलों की वापसी तक ये हेलीकॉप्टर तैनात रहेंगे। किसी भी आपातकालीन स्थिति में इनका प्रयोग किया जा सकता है।

ड्राई डे घोषित-

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान दिवस के 48 घण्टे पूर्व से लेकर मतदान समाप्ति तक ड्राई डे घोषित किया गया है। मतगणना के दिवस भी ड्राई डे घोषित किया गया है। इसके लिए ड्राई डे से संबंधित अधिसूचना जारी की जा चुकी है। उत्तराखण्ड से लगे हुए उत्तर प्रदेश के उन जनपदों में जहां पर प्रथम चरण में 19 अप्रैल को मतदान होने वाला है, उन क्षेत्रों में 17 अप्रैल को सायं 05 बजे से लेकर 19 अप्रैल को सायं 06 बजे तक ड्राई डे प्रभावी रहेगा। 07 मई को उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में मतदान के दृष्टिगत 05 मई सायं 06 बजे से 07 मई को सायं 06 बजे तक बरेली से लगे हुए राज्य के उधमसिंह नगर क्षेत्र में ड्राई डे प्रभावी रहेगा।

हरियाणा राज्य में 25 मई 2024 को होने वाले मतदान के दृष्टिगत 23 मई सांय 06 बजे से 25 मई को सायं 06 बजे तक और हिमाचल प्रदेश में 01 जून को होने वाले मतदान के दृष्टिगत 30 मई सायं 06 बजे से 01 जून को सांय 06 बजे तक इन राज्यों से लगे देहरादून के क्षेत्र में ड्राई डे प्रभावी रहेगा। अन्य राज्यों में विभिन्न चरणों में होने वाले मतदान के दौरान उनकी सीमा से उत्तराखण्ड के जो जनपद लगे हैं, उन जनपदों की 03 किमी की परिधि के भीतर ही ड्राई डे प्रभावी होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!