उत्तराखंड में 50 प्रतिशत पोलिंग स्टेशन पर वेबकास्टिंग, हर गतिविधियों पर नजर

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 05 अप्रैल 2024

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने गुरुवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस ब्रीफिंग करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव के लिए मतदेय स्थलों पर पुलिस बल, ऑब्जर्वर, बूथ लेवल पर माइक्रो ऑब्जर्वर, पोलिंग पार्टियों का रेंडमाईजेशन और सेक्टर ऑफिसर की तैनाती एवं अन्य व्यवस्थाएं की जाएगी।

भारत निर्वाचन आयोग का निर्देश है कि राज्य में 50 प्रतिशत पोलिंग स्टेशन पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाए। उत्तराखंड में 11729 पोलिंग स्टेशन में से 5892 पोलिंग स्टेशन को वेबकास्टिंग में लिया जाएगा। मतदान के दिन की गतिविधियों की जानकारी एआरओ के पास लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से पहुंच जाएगी। पोलिंग बूथों पर किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर पीठासीन अधिकारी और पोलिंग एजेंट सीधे अपने एआरओ से बात कर सकते हैं और कोई भी शिकायत अपने जिला स्तरीय निर्वाचन अधिकारी से कर सकते हैं।

जिला स्तर पर वेबकास्टिंग के लिए टीमें तैयार कर ली गई है। उनका प्रथम प्रशिक्षण भी हो चुका है। जनपद स्तर पर वेबकास्टिंग का एक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। राज्य स्तर पर भी कंट्रोल रूम तैयार किया जाएगा। इसके माध्यम से राज्य की पांच लोकसभा सीट पर होने वाली वेबकास्टिंग की लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था होगी।

11729 पोलिंग स्टेशन पर तैनात कार्मिकों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधा-

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी 11729 पोलिंग स्टेशन पर तैनात होने वाले कार्मिकों को चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सा विभाग से समन्वय कर बेहतर प्रयास किए गए हैं। कैशलेस इलाज की सुविधा होगी। पोलिंग पार्टियों को किस सुविधा केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करना है, इसके लिए बूथ लेवल हेल्थ मैनेजमेंट प्लान बनाया गया है। राज्य के सभी जिला अस्पताल, सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी व चिकित्साधिकारियों की जानकारी सभी पोलिंग पार्टियों तक उपलब्ध रहेगी। आपतकालीन स्थिति में किस पुलिस स्टेशन और फायर कार्यालय से संपर्क करना है एवं निकटतम एम्बुलेंस और हेलीपैड की जानकारी भी पोलिंग पार्टियों को दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!