ईट राइट जैसे अभियान को एक आंदोलन बनाने की जरूरत है: राज्यपाल

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 23 मार्च 2024

प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह ने कहा कि ईट राइट जैसे अभियान को एक आंदोलन बनाने की जरूरत है, जो सुरक्षित, स्वस्थ और गुणवत्तापूर्ण भोजन के लिए प्रेरित करता है। हमें स्वस्थ रहने के लिए अपने आहार में मिलेट या श्री अन्न को प्राथमिकता देनी होगी। शुक्रवार को यूपीईएस विश्वविद्यालय में भारतीय खाद्य संरक्षा और मानक प्राधिकरण द्वारा आयोजित ‘‘ईट राइट-मिलेट मेले’’ का शुभारंभ करते हुए राज्यपाल ने यह विचार व्यक्त किए। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में लगे मिलेट स्टॉलों का भ्रमण कर जानकारियां प्राप्त कीं।

राज्यपाल ने इस अवसर पर उपस्थित गण्यमान्य जन को संबोधित करते हुए कहा कि खाना हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा है और यह बेहद जरूरी है कि हमारा खान-पान संतुलित हो। खाना सही तरीके से खाएं तो यह एक औषधि के समान है। सही खान-पान रखना हमारे स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है। वर्तमान में फास्ट-फूड और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाने की आदतें प्रचलित हैं। आज विभिन्न आहार संबंधी बीमारियां सभी आयु वर्गों में फैली हुई हैं, इसलिए हमें सही भोजन के चुनाव के बारे जागरूक होना आवश्यक हैं।

उन्होंने कहा कि आज प्रोसेस्ड और पैक्ड फूड आइटम्स के जरिए मिलेट्स स्टोर्स और मार्केट तक पहुंच रहा है। पिछले कुछ वर्षों में ही देश में “श्री अन्न” पर काम करने वाले 500 से ज्यादा स्टार्टअप्स भी बने हैं और स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाएं भी मिलेट्स के उत्पाद बना रहीं हैं।

राज्यपाल ने कहा कि हमें पूरे विश्व में श्री अन्न के बारे में जागरूक करना होगा। इसमें युवाओं और महिलाओं को आगे आने की जरूरत है। भारत को “श्री अन्न” का वैश्विक हब बनाने के लिए और श्री अन्न के लाभों के बारे में आमजन को जागरूक करने के लिए तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। इस संदर्भ में यहां पर “श्री अन्न” मेले का आयोजन एक महत्वपूर्ण कदम है।

राज्यपाल ने कहा कि स्कूल और कॉलेज नवाचार और अनुसंधान के केंद्र हैं यहां श्री अन्न के बारे में शोध किए जाएं। उन्होंने कहा कि ईट राइट अभियान लोगों को पौष्टिक आहार लेने के लिए प्रेरित करने में सफल साबित होगा। इस दौरान राज्यपाल ने इस मेले में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया।

कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी एफएसएसएआई इनोशी शर्मा, उप निदेशक एफएसएसएआई उत्तर क्षेत्र पवन शर्मा, प्रबंधन निमांशी, प्रीति सहित अन्य गणमान्य लोग और छात्र-छात्राएं उपस्थित थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!