उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड(देहरादून),रविवार 16 अगस्त 2026

उत्तराखंड में रविवार को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, देहरादून, चम्पावत, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में आकाशीय बिजली के साथ बारिश के अत्यंत तीव्र दौर की भी आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने राज्य के शेष जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तीव्र से अति तीव्र बारिश की संभावना जताई है। 17 अगस्त को देहरादून और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है, जबकि 18 अगस्त को देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में भारी बारिश हो सकती है।

भारी बारिश के दौरान संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और चट्टान गिरने से सड़क एवं राजमार्ग बाधित होने, नदियों-नालों के उफान पर आने और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका है। मौसम विभाग ने यात्रियों और वाहन चालकों को सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।

चारधाम सहित पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को विशेष सावधानी बरतने, खड़ी ढलानों से दूरी बनाए रखने और सक्रिय भूस्खलन क्षेत्रों को पार न करने की सलाह दी गई है। नदी-नालों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहने को भी कहा गया है।

आईएमडी के सात दिवसीय पूर्वानुमान के मुताबिक 16 से 22 अगस्त तक राज्य में अधिकांश अथवा अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें जारी रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *