नंदा की चौकी पुल के एप्रोच रोड के पुनर्निर्माण का मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण

उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 10 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साेमवार को सहसपुर के भाऊवाला में आयोजित कार्यक्रम से लौटने के दाैरान प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी पुल के एप्रोच रोड के पुनर्निर्माण का निरीक्षण किया और अधिकारियों से कार्य प्रगति और यातायात व्यवस्था की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर एप्रोच रोड के पुनर्निर्माण की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही सामग्री और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्माण की गुणवत्ता और सड़क सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की सुविधा और सुरक्षित यातायात सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और किसी भी महत्वपूर्ण मार्ग पर व्यवधान की स्थिति में संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि, नंदा की चौकी पुल के एप्रोच रोड के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलने के बाद राज्य सरकार ने संबंधित विभागों को तत्काल राहत और पुनर्निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए थे।

सरकार के अनुसार, मुख्यमंत्री के निर्देश पर कार्य को प्राथमिकता के आधार पर कराया गया और एप्रोच रोड का पुनर्निर्माण करीब 12 घंटे के भीतर पूरा कर लिया गया। एप्रोच रोड के क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र में यातायात प्रभावित हुआ था। पुनर्निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य होने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को राहत मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *