नई तकनीकों व शोध आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर दिया जोर

उत्तराखंड(पौड़ी गढ़वाल),शुक्रवार 23 अप्रैल 2026

तकनीकी शिक्षा विभाग मिलने के बाद गुरुवार को तकनीकी शिक्षा मंत्री डा.धन सिंह रावत ने गोविंद बल्लभ पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान घुड़दौड़ी का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने संस्थान के निदेशक, रजिस्ट्रार एवं अन्य अधिकारियों से भेंट कर संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यप्रणाली एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संस्थान में संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं अनुसंधान गतिविधियों की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता उन्नयन एवं छात्र हित से जुड़े पहलुओं पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के संस्थान प्रदेश के युवाओं को उच्च स्तरीय तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने संस्थान को और अधिक सुदृढ़ बनाने व नई तकनीकों एवं शोध आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। इस अवसर पर माननीय मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि घुड़दौडी जैसे संस्थान पहाड़ी क्षेत्रों के युवाओं के लिए आशा का केंद्र हैं, जो उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं।

संस्थान के निदेशक डा. वीके बंगा ने कहा कि संस्थान निरंतर शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि संस्थान में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु आधुनिक संसाधनों एवं उद्योगोन्मुख शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!