दिल्ली से हरिद्वार आ रही तीर्थ यात्रियों की कार दुर्घटनाग्रस्त , सात घायल

उत्तराखंड(हरिद्वार),सोमवार 13 अप्रैल 2026

दिल्ली से हरिद्वार आ रहे तीर्थयात्रियों की एक कार प्रेमनगर आश्रम स्थित फ्लाईओवर पर सोमवार को भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में कार सवार सात लोग घायल हो गए, जिनमें से एक यात्री की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सीपीयू और ट्रैफिक पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर राजकीय मेला अस्पताल भिजवाया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया।हादसे के दौरान कुछ आम नागरिकों ने भी सराहनीय भूमिका निभाई।

दिल्ली निवासी लोडर चालक सचिन ने मौके पर रुककर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। वहीं, टेंपो ट्रैवलर चालक संजय ने भी सहयोग कर मानवता का परिचय दिया। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार घायलों में नीलम (39), जयप्रकाश (55), किशोर (47), विनोद कुमार (40), सर्वेश (55), सत्य प्रकाश (60) व राजबहादुर (58) के रूप में हुई है। सभी घायल दिल्ली के तुगलकाबाद क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पता चला है कि सभी यात्री हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में आयोजित भागवत कथा में शामिल होने के लिए जा रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक संदीप नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सीपीयू के प्रवेश खत्री, एसआई रमेश कुमार, राजेंद्र भंडारी, चंद्रदीप और शेर सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत कार्य को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के सभी कारणों की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!