झंडे मेले की तैयारियां शुरू, गुरु राम राय महाराज के जयकारों से निहाल हुई संगतें

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 20 मार्च 2024

झंडे जी मेले की तैयारियां जोरशोर से शुरू हो गई हैं। बुधवार को दरबार साहिब में झंडा साहिब की विशेष पूजा अर्चना और अरदास की गई। सज्जादानशीन महंत देवेन्द्र दास महाराज के नेतृत्व में बुधवार को एक दल अराईयांवाला, हरियाणा के लिए रवाना हुआ और वहां पर हर्ष-उल्लास के साथ झण्डे जी का आरोहण किया गया।

बुधवार सुबह 9 बजे दरबार साहिब से सौ सदस्यीय जत्था अराईंयावाला, हरियाणा के लिए रवाना हुआ। जत्था दोपहर 12 बजे अराईयांवाला पहुंचा। पूरे श्रद्धाभाव से पुराने झंडे को उतारा गया। दूध, दही, घी, मक्खन, गंगाजल और पंचगब्यों के साथ झण्डे जी को स्नान कराया गया। हज़ारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में 60 फीट ऊंचे झण्डे जी का आरोहण किया गया। देर शाम तक हज़ारों की संख्या में मौजूद संगतें गुरु राम राय महाराज की महिमा के जयकारे लगाती रहीं। इस अवसर पर संगतों को प्रसाद और लंगर वितरित किया गया।

इससे पूर्व परंपरा के अनुसार सोमवार 18 मार्च को श्री दरबार साहिब के पुजारी, दरबार साहिब देहरादून के सज्जादानशीन महंत देवेन्द्र दास महाराज का हुक्मनामा लेकर बड़ा गांव हरियाणा रवाना हुए थे। इसके बाद ही पैदल संगत देहरादून की ओर बढ़ना शुरू करती हैं। 21 मार्च को पैदल संगत का स्वागत एसजीआरआर पब्लिक स्कूल, सहसपुर में किया जाएगा। 22 मार्च को पैदल संगत देहरादून में प्रवेश करेगी। दरबार साहिब प्रबन्धन व झण्डा मेला आयोजन समिति की ओर से कांवली गांव में संगत का जोरदार स्वागत किया जाएगा। 22 मार्च की शाम को पैदल संगत श्री दरबार साहिब में पहुंचेगी। दरबार साहिब के महंत की अगुआई में दरबार साहिब प्रबन्धन की ओर से पैदल संगत का भव्य स्वागत दर्शनी गेट पर किया जाएगा व पैदल संगत महंत देवेन्द्र दास महाराज से आशीर्वाद लेंगी।

हर बार की तरह संगतें दर्शनी गेट से दरबार साहिब में प्रवेश करेंगी। इस अवसर पर दरबार साहिब में भजन कीर्तन और अरदास का कार्यक्रम होगा।

झण्डा मेला आयोजन समिति के व्यवस्थापक विजय प्रसाद डिमरी ने बताया कि झण्डे मेले की तैयारियों में तेज़ी आ चुकी है। 26 मार्च से देश-विदेश की संगतों का दरबार साहिब पहुंचने का क्रम और तेज़ हो जाएगा। संगतों और श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। 29 मार्च को परंपरा के अनुसार पूरब की संगत की विदाई होगी। 30 मार्च को झण्डे आरोहण के साथ ही इस साल के लिए झण्डे मेले का शुभारंभ हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!