स्मृति पार्क राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की प्रेरणा : गणेश जोशी

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 30 जनवरी 2026

राज्य के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को जैंतनवाला क्षेत्र में मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण के बनाए गए वीर स्क्वाड्रन लीडर अभिमन्यु राय स्मृति पार्क का उद्घाटन किया और पार्क में लगी अभिमन्यु की प्रतिमा का अनावरण किया।

मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र में 17.47 लाख से निर्मित पार्क में स्क्वाड्रन लीडर अभिमन्यु राय की प्रतिमा का अनावरण कर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि यह स्मृति पार्क पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की प्रेरणा देगा। स्क्वाड्रन लीडर अभिमन्यु राय का जीवन देशभक्ति, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा का प्रेरक उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीद आश्रितों, पूर्व सैनिकों और सेवानिवृत्त सैनिकों के कल्याण के लिए लगातार योजनाएं चला रही है। सीमा पर वीरगति प्राप्त जवानों के परिजनों को सरकारी नौकरी देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। उन्हाेेंने बताया कि देहरादून में निर्माणाधीन भव्य सैन्य धाम का लोकार्पण भी शीघ्र किया जाएगा।

इस मौके पर मंत्री जोशी ने जैंतनवाला में 26.99 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग टाइल्स से सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया। इसके अलावा मंत्री जोशी ने ग्राम पंचायत हरियावाला खुर्द, जैंतनवाला ग्रीन लॉन कॉलोनी में 2 किलोमीटर नाली और सड़क निर्माण कार्य की भी घोषणा की। इस अवसर पर ले.जनरल एके सिंह, जर जनरल एम.एल.असवाल,​बलिदानी के पिता ग्रुप कैप्टन अमिताभ राय,माता चित्रलेखा राय,दादी मालती राय,एमडीडीए अभियंता अतुल गुप्ता,ग्राम प्रधान मंजू पंवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!