भाजपा निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटी, भटृ बोले- बूथों की संरचना को करें दुरस्त

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 03 मई 2024

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) निकाय चुनाव को लेकर सांगठनिक तैयारियां तेज कर दी है। इसी क्रम में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटृ के नेतृत्व में सांसदों,विधायकों, जनप्रतिनिधियों की प्रदेश स्तरीय महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक संपन्न हुई जिसमें बूथों की संरचना को दुरस्त करने,अधिकतम मतदाता बनाने के लक्ष्य के साथ उम्मीदवार चयन में सर्वसम्मत को प्राथमिकता देते हुए स्थानीय विकास के मुद्दों को चर्चा केंद्र में लाने पर जोर दिया गया। गुरुवार को पार्टी मुख्यालय से प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने वर्चुअल बैठक को संबोधित करते हुए

कहा कि निकाय चुनाव हमारी प्राथमिकता है। मतदाता सूची में विसंगतियां पाए जाने के कारण चुनावी प्रक्रिया प्रभावित हुई है जिसको देखते हुए पार्टी और अन्य पक्षों के सुझाव पर आयोग की ओर से सुधार के लिए एक सप्ताह का कैंप लगाया जा रहा है। लिहाजा हम सब को एकजुट होकर प्रयास करना है कि अधिक से अधिक मतदाताओं को सूची में शामिल करवाया जाए।

उन्होंने पार्टी के स्थानीय प्रकोष्ठ को निर्देश दिए कि बूथों की संरचना को दुरस्त करना जरूरी है क्योंकि इनकी संरचना लोकसभा, विधानसभा चुनावों से अलग होती है। बूथ कमेटी की संरचना में प्रत्येक वर्ग का समायोजन सुनिश्चित करना है। इस दौरान उन्होंने सभी विधायकों से भी संगठन के साथ समन्वय बनाते हुए यथाशीघ्र इस पूरी प्रक्रिया को संपन्न कराने का आग्रह किया।

उम्मीदवारी के लिए सभी को आवेदन करना अनिवार्यः महेंद्र भटृ ने कहा कि पार्टी उम्मीदवारों के चयन को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि शीघ्र ही पर्यवेक्षक की नियुक्त कर जनपदों में भेजा जाएगा लेकिन उससे पहले ही सभी को अभी से एससी, एसटी, ओबीसी, महिला आदि वर्गों के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए अच्छे उम्मीदवार के नामों पर विचार विमर्श करना चाहिए। हमारा प्रयास होना चाहिए कि विस्तृत चर्चा के बाद सर्वसम्मति से नाम सामने आए। कमेटी बनाकर वार्डों एवं मंडल में पदाधिकारियों की ओर से बैठक की जाएं। उम्मीदवारी के लिए सभी को आवेदन करना अनिवार्य है। जिसपर विस्तृत चर्चा के बाद तय नामों के पैनल पर अंतिम निर्णय स्टेट पार्लियामेंट्री बोर्ड की ओर से लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों के अतिरिक्त बड़े पैमाने पर हुए स्थानीय विकास के काम हमारे पास हैं। अब हमें नगर निकायों से जुड़ी उपलब्धियों को जनता के बीच लेकर जाना है। मीडिया, सोशल मीडिया एवं सार्वजनिक माध्यमों में होने वाली चर्चा के केंद्र में स्थानीय मुद्दों को लेकर आना है।

प्रदेश महामंत्री संगठन अजय कुमार ने निकाय चुनाव को लेकर पार्टी पदाधिकारियों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि लोकसभा चुनावों में की गई मेहनत को हमें निकाय चुनावों तक जारी रखना हैं। इसके लिए बूथ कमेटियां बनाने से लेकर मतदाता सूची में सुधार को हमे अभियान की तरह लेना है। इसके लिए प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक हम सभी को समन्वय बनाते हुए पूर्व की भांति निकाय चुनाव में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है।

इस दौरान प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठरी ने सभी लोगों को निकाय चुनाव को लेकर आयोग की प्रक्रिया को लेकर विस्तार से जानकारी देते हुए अब तक की पार्टी की तैयारियों को साझा किया।

वर्चुअल बैठक में नगर निकाय मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, मंत्री धन सिंह रावत, सौरभ बहुगुणा, गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, उमेश शर्मा काऊ, प्रदीप बत्रा, दुर्गेश्वर लाल, सहदेव पुंडीर, रमेश चौहान, किशोर उपाध्याय, अनिल नौटियाल, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र बिष्ट, खिलेंद्र, प्रदेश कार्यालय सचिव कौस्तुभानंद जोशी समेत प्रदेश प्रदाधिकारी, जिला प्रभारी, सह प्रभारी, जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों ने शिरकत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!