वृद्ध और असहाय महिलाओं के लिए जल्द लाएगी धामी सरकार नई योजना : मंत्री रेखा आर्या

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 07 अक्टूबर 2025

उत्तराखंड सरकार की मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि धामी सरकार राज्य की आधी आबादी की पूरी जिम्मेदारी निभाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। सरकार उत्तराखंड की वृद्ध और असहाय महिलाओं को आर्थिक सामाजिक और भावनात्मक संबल देने के मकसद से जल्द एक योजना आने वाली है।

सोमवार को विधानसभा भवन स्थित सभागार में महिला सशक्तिकरण विभाग के अधिकारियों और वृद्ध महिलाओं के साथ काम करने वाले गैर सरकारी संगठन प्रतिनिधियों के साथ महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने बैठक की। इस दौरान मंत्री ने कहा कि हमारी दादी-नानियों के आशीर्वाद से ही समाज की नींव मजबूत रहती है। उनकी सेवा कर हम उनके आशीषों से ही उभर सकते हैं। मुझे उम्मीद है कि जल्दी ही यह विचार एक ठोस योजना का रूप लेगा। मंत्री ने बताया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पहले से लागू महिला सारथी योजना, महिला एवं बाल मुखी सहायता योजना और एकल महिला स्वरोजगार योजना के बाद अब वृद्ध महिलाओं के लिए भी विशेष योजना तैयार की जा रही है। प्रदेश के दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों की असहाय वृद्ध महिलाओं को आवश्यक पोषण, देखभाल और भावनात्मक संबल देने के उद्देश्य से यह योजना उनके मन में कई दिनों के मंथन के बाद आई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि पूरे प्रदेश में जनपदवार छोटे-छोटे महिला सम्मेलन आयोजित कर वृद्ध महिलाओं से सीधे संवाद किया जाएगा, ताकि उनकी समस्याएं समझी जा सकें और सरकार उन पर ठोस कदम उठा सके। मंत्री ने अधिकारियों को योजना का मसौदा तेजी से तैयार कर शासन से मंजूरी लेने के निर्देश दिए। बैठक में सचिव चंद्रेश कुमार, विक्रम सिंह, मोहित चौधरी, नीतू फुलेरा सहित अन्य अधिकारी और एनजीओ प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!