अश्लील और अमर्यादित व्यवहार स्वीकार्य नहीं : महेन्द्र भट्ट

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 24 जून 2025

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पार्टी के पूर्व विधायक सुरेश राठौर को लेकर सोशल मीडिया सहित तमाम माध्यमों में उनको लेकर आ रही खबरों को संज्ञान लेते हुए नोटिस दिया है। इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से राठौर ने आज मुलाकात कर अपना पक्ष रखा है। जिस पर पार्टी की ओर से विचार कर शीघ्र निर्णय लिया जाएगा।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि विगत कुछ समय से पूर्व विधायक राठौर से संबंधित विभिन्न ख़बरें और वीडियों सोशल मीडिया में प्रसारित हो रही हैं। पार्टी ने इसे अमर्यादित आचरण मानकर उनके इस कृत्य को पार्टी की छवि धूमिल करने वाला माना है। उनकी इन सार्वजनिक गतिविधियां को अनुशासनहीनता के दायरे में मानते हुए, उन्हें नोटिस दिया गया है।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटृ ने स्पष्ट किया है कि पार्टी का कोई भी व्यक्ति बड़ा हो या छोटा, किसी का भी अभद्र, अश्लील और अमर्यादित व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। ये सब सामाजिक दृष्टि से भी उचित नही है और पार्टी की छवि को भी धूमिल करता है। भाजपा सामाजिक,सांस्कृतिक और राष्ट्रीयता के मानकों पर किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करती है।

मनवीर चौहान ने बताया कि सुरेश राठौर की ओर से प्रदेश अध्यक्ष से उनके आवास पर मुलाकात कर अपना पक्ष प्रस्तुत कर, जवाब सौंपा गया है। जिस पर पार्टी की अनुशासन समिति में विस्तृत विचार किया जाएगा और शीघ्र ही उचित निर्णय लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!