चंपावत जिला योजना : 68.57 करोड़ के बजट में युवाओं के लिए स्वरोजगार और बुनियादी सुविधाओं पर फोकस

उत्तराखंड(चंपावत),शुक्रवार 16 मई 2025

गुरुवार को एनएचपीसी अतिथि गृह सभागार में जिला योजना समिति की बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जनपद प्रभारी मंत्री एवं महिला सशक्तिकरण, बाल विकास, खाद्य, नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता मामले, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने की।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए कुल 68 करोड़ 57 लाख 10 हजार की वार्षिक जिला योजना को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। यह बजट गत वर्ष की तुलना में 1022 लाख अधिक है, जो लगभग 17 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।

इस वर्ष कुल 33 विभागों द्वारा प्रस्तुत योजनाओं की समीक्षा की गई, जिनमें कृषि, पशुपालन, मत्स्य, सिंचाई, स्वास्थ्य, पर्यटन, शिक्षा, खेल, पेयजल, बाल विकास, लोक निर्माण आदि प्रमुख रहे। स्वरोजगार, पूंजीगत निर्माण और अधूरे कार्यों की पूर्णता को प्राथमिकता दी गई है, जिनका लक्ष्य आगामी दो वर्षों में पूर्णता है।

जिलाधिकारी नवनीत पांडे ने बताया कि योजना जनप्रतिनिधियों के सुझावों और जनहित को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। उन्होंने इसे चंपावत को आदर्श जिला बनाने की दिशा में मील का पत्थर बताया।

प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि बजट में पूर्व के लंबित व्ययों, पीआरडी जवानों के वेतन, जल संस्थान एवं निगम के ऑपरेटरों के वेतन को भी स्वीकृति दी गई है। उन्होंने बताया कि उद्यान विभाग के अंतर्गत कीवी उत्पादन, पर्यटन विस्तार, स्वरोजगार और स्वास्थ्य विभाग के पीएचसी डिलीवरी सेंटरों को सशक्त करने पर विशेष बल दिया गया है।

उन्होंने इस योजना को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि यह बजट सीमांत जनपद चंपावत की आर्थिक नींव को और मज़बूत करेगा। अधिकांश योजनाएं 2025 तक पूर्ण हो चुकी हैं, और शेष 2026 तक पूर्णता की ओर अग्रसर हैं। उन्होंने नवीन प्रस्तावित योजनाओं का भी उल्लेख किया, जो जनपद के समग्र विकास को नई दिशा देंगी।

बैठक में सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि बिजलीविहीन केंद्रों की पहचान कर उन्हें प्राथमिकता से जोड़ा जाएगा। स्वरोजगार आधारित योजनाओं को भी गति दी जाएगी ताकि युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल सके।

प्रभारी मंत्री ने विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से नवाचार एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्यों को क्रियान्वित करने का आह्वान किया। उन्होंने इसे जन अपेक्षाओं पर खरा उतरने वाली, जवाबदेही और पारदर्शिता आधारित योजना बताया।

बैठक में विधायक लोहाघाट खुशाल सिंह अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, विधायक चंपावत प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, वनाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी सहित जिला योजना समिति के सदस्य और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!