उत्तराखंड के अस्पतालों में 1300 चतुर्थ श्रेणी पदों पर जल्द होगी भर्ती, मंत्री ने दिए निर्देश

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 01 मार्च 2025

उत्तराखंड के अस्पतालों में लंबे समय से रिक्त चतुर्थ श्रेणी के 1300 पदों को जल्द भरा जाएगा। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने इन पदों को आउटसोर्स के माध्यम से भरने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके अलावा विभिन्न संवर्गों में रिक्त पदों की भर्ती पर भी जोर दिया गया है।

चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार शासकीय आवास पर स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक ली, जिसमें उन्होंने प्रदेशभर के राजकीय चिकित्सालयों में चतुर्थ श्रेणी के रिक्त 1300 पदों को आउटसोर्स के माध्यम से भरने के निर्देश अधिकारियों को दिये, जिसमें देहरादून जनपद में 98, हरिद्वार 110, चमोली 190, टिहरी 78, पौड़ी 49, पिथौरागढ़ 137, ऊधमसिंह नगर 76, नैनीताल 356, अल्मोड़ा 30, उत्तरकाशी 46, रुद्रप्रयाग 85, चम्पावत 42 और बागेश्वर में चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों के 02 पद खाली हैं। विभागीय मंत्री ने कहा कि लंबे समय से चतुर्थ श्रेणी के पद रिक्त होने से अस्पतालों की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है, जिसे दुरुस्त करने के लिये चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों की भर्ती की जानी अवश्य है। बैठक में विभागीय मंत्री डॉ.रावत ने स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने व आम लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाओं की सुलभ पहुंच के लिये जिला एवं उप जिला अस्पतालों का गैप एनालिसिस करने, अस्पतालों में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने, प्रत्येक दिन मरीजों के बेड़ों की चादर बदलने, अस्पतालों में होर्डिंग लगाने, 108 आपातकाली एम्बुलेंस सेवा की रिस्पांस टाइम न्यूनतम करने, अस्पतालों में कैंटीन संचालन को दुरुस्त कर मरीजों को स्वच्छ व पौष्टिक भोजन सुनिश्चित करने, चिकित्सकों के लिये आवासीय सुविधा मुहैया करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये। इसके अलावा उन्होंने टीबी मुक्त भारत अभियान और अनीमिया मुक्त भारत अभियान को और प्रभावी रूप से चलाने के लिये अधिकारियों को ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा।विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री की ओर की गई घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश भी बैठक में विभागीय मंत्री की ओर से दिये गये।बैठक में सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर राजेश कुमार, मिशन निदेशक एनएचएम स्वाति भदौरिया,अपर स्वास्थ्य आनंद श्रीवास्तव, अनुराधा पाल, प्रभारी स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा, डॉ. अजीत मोहन जौहरी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!