उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 28 फ़रवरी 2025

उत्तराखंड में बृहस्पतिवार से लगातार बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी है, जिससे प्रदेशभर में ठंड बढ़ गई है। शुक्रवार को भी राज्य के विभिन्न इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहा। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने आज के लिए भी बारिश की चेतावनी जारी की है।

राजधानी देहरादून में सुबह से आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और लगातार बारिश हो रही है। हरिद्वार, ऊधमसिंहनगर, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत जिलों में भी बारिश जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। इसके साथ ही विभाग ने पर्वतीय जिलों में बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई है।

उत्तराखंड के चार धाम – यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ में भारी बर्फबारी हुई है। उत्तरकाशी के सुक्की टॉप, राड़ी टॉप, हर्षिल, मुखवा, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में बर्फबारी की तस्वीरें सामने आई हैं, जहां चारों ओर बर्फ की चादर बिछी हुई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि इस सर्दी में पहली बार पश्चिमी विक्षोभ इतनी तेजी से सक्रिय हुआ है, जिससे पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण प्रदेशभर में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में तापमान में 12 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। बुधवार को देहरादून का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस था, जो बृहस्पतिवार शाम तक घटकर 16.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!