राज्यपाल ने ”सर्वस्वदानी जननायक गुरु गोविंद सिंह” पुस्तक का किया विमोचन

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 13 अप्रैल 2024

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि) ने शनिवार को राजभवन में उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय की ओर से गुरु गोविंद सिंह के जीवनवृत्त पर प्रकाशित पुस्तक ‘‘सर्वस्वदानी जननायक गुरु गोविंद सिंह’’ का विमोचन किया।

इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि यह एक अद्भुत संयोग है कि बैसाखी के शुभ अवसर पर हम इस पुस्तक का विमोचन कर रहे हैं। गुरु गोविंद सिंह ने अपनी प्रतिभा और दूरदर्शिता से समाज को नई दिशा प्रदान की और मानवीय हितों का संरक्षण किया। उन्होंने अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध निर्भय होकर सामना किया और समाज को एक नई दिशा प्रदान की है।

राज्यपाल ने कहा कि उन्होंने धर्म की रक्षा के लिए अपना समस्त परिवार का बलिदान किया। सदा प्रेम, सदाचार और भाईचारे का संदेश दिया। वह एक महान समाज सुधारक थे जिन्होंने अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध डटकर सामना किया।

राज्यपाल ने कहा कि ऐसे महान समाज सुधारक के जीवनवृत्त पर एक पुस्तक का लेखन बेहद प्रशंसनीय है। इस पुस्तक के माध्यम से प्रत्येक मानवता तक यह गुरु गोविंद सिंह का संदेश पहुंचे यही हमारा प्रयास होना चाहिए। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय में स्थापित गुरु गोविंद सिंह की शोध पीठ द्वारा किए गए शोध को पुस्तक का रूप देने के लिए बधाई दी।

उन्होंने कुलपति संस्कृत विश्वविद्यालय, डॉ. दिनेशचंद्र शास्त्री और इस पुस्तक के लेखक, डॉ. अजय परमार, समन्वयक गुरु गोविंद सिंह शोध पीठ संस्कृत विश्वविद्यालय को इस संकलन के लिए साधुवाद देते हुए कहा कि समाज को एक नई दिशा देने का काम करेगी।

पुस्तक विमोचन के अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या और हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने अपने विचार रखे और गुरु गोबिंद सिंह को मानवता के लिए एक समरसता का सूत्रधार बताया। इस पुस्तक के लेखक,डॉ.अजय परमार ने पुस्तक के बारे में जानकारी दी और इसके विभिन्न पक्षों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन,विधि परामर्शी राज्यपाल अमित कुमार सिरोही, अपर सचिव राज्यपाल स्वाति एस.भदौरिया, कुलपति दून विश्वविद्यालय प्रो.सुरेखा डंगवाल, कुलपति आयुर्वेद विश्वविद्यालय डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय, हरविंदर नौनी बग्गा, डी.एस.मान, डॉ.एस.एस.खेरा, रजिस्ट्रार गिरीश अवस्थी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विनय सेठी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!